हरियाणा के मंत्री बोले- ‘राज्य की जनता सेवा संकल्प कार्यक्रम को लेकर उत्साहित, गांव-गांव चलाएंगे अभियान’

पंचकूला, 9 सितंबर . प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 17 सितंबर से देशभर में एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू करेगी. हरियाणा में भी भाजपा इस अभियान को चलाएगी. राज्य सरकार में मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि हरियाणा में करीब 3 करोड़ लोग ‘सेवा संकल्प अभियान’ के लिए उत्साहित हैं.

हरियाणा सरकार में मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने समाचार एजेंसी से बातचीत में कहा, “17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर के लोग ‘सेवा संकल्प अभियान’ को बहुत उत्साह के साथ मनाएंगे. आपने हरियाणा में भी ‘सेवा संकल्प अभियान’ देखा है. हरियाणा में करीब 3 करोड़ लोग ‘सेवा संकल्प अभियान’ को मनाने के लिए उत्साहित हैं. अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. बच्चे, महिलाएं और युवा भी इसमें शामिल हो रहे हैं.”

मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने आगे कहा, “मैं उम्मीद करता हूं कि एक महीने यह ऐसा कार्यक्रम रहने वाला है, हर देशवासी मन और तन से इसमें जुड़ेगा.”

मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा, “प्रधानमंत्री का जन्मदिन 17 सितंबर को है. उस दिन से ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू होगा और 17 अक्टूबर तक चलेगा. इस महीने के दौरान सभी मंत्रियों और विधायकों को उनके संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी. वे इस संकल्प अभियान को सभी गांवों तक ले जाएंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि लोगों को सभी लाभ मिलें.”

वहीं, राज्य सरकार में मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि कि देश में 2014 से पहले पॉलिसी पैरालिसिस सरकार थी. जब से इस देश के प्रधानमंत्री ने पद संभाला है, उन्होंने अपनी बेदाग छवि बनाए रखी है. वे दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता के रूप में उभरे हैं.

गौरव गौतम ने कहा, “प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे हो रहे हैं. युवाओं को इस बात से प्रेरणा लेनी चाहिए कि एक नेता को 25 वर्षों तक कैसा आचरण करना चाहिए.”

डीसीएच/