तमिलनाडु : सीएम विजय और पत्नी संगीता के तलाक मामले की सुनवाई टली, अगली सुनवाई 7 अगस्त को

चेन्नई, 15 जून . तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) के अध्यक्ष सी. जोसेफ विजय और उनकी पत्नी संगीता के बीच चल रहे तलाक के मामले की सुनवाई एक बार फिर टल गई है. चेंगलपट्टू फैमिली कोर्ट में सोमवार को इस मामले पर सुनवाई होनी थी लेकिन दोनों पक्षों के अदालत में उपस्थित न होने के कारण सुनवाई आगे बढ़ानी पड़ी. अब इस मामले की अगली सुनवाई 7 अगस्त को होगी.

चेंगलपट्टूस फैमिली कोर्ट में सोमवार जब मामले की सुनवाई हुई तो न तो मुख्यमंत्री विजय अदालत पहुंचे और न ही उनकी पत्नी संगीता उपस्थित हुईं. हालांकि दोनों पक्षों की ओर से उनके वकील अदालत में मौजूद रहे और उन्होंने पैरवी की. दोनों की गैरहाजिरी को देखते हुए कोर्ट ने मामले की अगली तारीख तय कर दी.

यह पहली बार नहीं है जब इस मामले की सुनवाई टली हो. इससे पहले भी कई मौकों पर विजय और संगीता अदालत में व्यक्तिगत रूप से पेश नहीं हुए थे. दोनों पक्षों की ओर से अदालत से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई में शामिल होने की अनुमति मांगी गई थी. बताया गया कि मुख्यमंत्री पद पर होने के कारण विजय को सुरक्षा से जुड़े प्रोटोकॉल को फॉलो करना पड़ता है. इससे पहले अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलों पर विचार करते हुए मामले की सुनवाई 15 जून तक के लिए स्थगित कर दी थी.

गौरतलब है कि संगीता ने दिसंबर 2025 में चेंगलपट्टू फैमिली कोर्ट में तलाक की याचिका दायर की थी. उन्होंने अपनी याचिका में शादी को खत्म करने की मांग करते हुए कहा था कि पति-पत्नी के बीच ऐसे मतभेद पैदा हो गए हैं जिन्हें सुलझाना संभव नहीं है. उन्होंने अदालत से गुजारा भत्ता देने की मांग भी की थी.

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय तमिल फिल्म इंडस्ट्री के लोकप्रिय अभिनेता रहे हैं और बाद में राजनीति में सक्रिय होकर टीवीके के प्रमुख बने. मुख्यमंत्री बनने के बाद उनकी सार्वजनिक छवि और भी मजबूत हुई है. ऐसे में उनके निजी जीवन से जुड़ा यह मामला लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है. राजनीतिक विश्लेषक और मीडिया संस्थान इस मामले की हर सुनवाई पर नजर बनाए हुए हैं.

पीके/पीएम