Supreme Court में राम मंदिर चंदा विवाद मामले पर गर्मी की छुट्टियों के बाद सुनवाई संभव : वकील अजय राय

नई दिल्ली, 29 जून . अयोध्या स्थित श्री राम मंदिर में चढ़ावे में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग वाली याचिका पर Supreme Court द्वारा तत्काल सुनवाई से इनकार करने और जुलाई के दूसरे सप्ताह में कोर्ट खुलने के बाद सुनवाई की बात कहने पर वकील अजय राय ने प्रतिक्रिया दी.

उन्होंने सोमवार को समाचार एजेंसी से बातचीत में कहा कि हमने सोमवार को कोर्ट में इस मामले को मेंशन किया. हमने न्यायालय से यथाशीघ्र न्याय की मांग की. न्यायालय ने हमें बताया कि छुट्टियों के तुरंत बाद इसे सुनवाई के लिए लगाया जाएगा.

इसके अलावा, उन्होंने अपनी अर्जियों में शामिल अन्य मांगों का भी जिक्र किया. उनके मुताबिक, विशेष जांच दल की ओर से सीबीआई के नेतृत्व में पूरे मामले की जांच की मांग शामिल है. हमने यह भी मांग की है कि जांच के दौरान किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाए.

वकील अजय राय ने कहा कि यह मामला काफी पेचीदा और उलझा हुआ है. इसमें कई तकनीकी पहलू भी हैं. इन्हीं सब स्थितियों को देखते हुए हमने कोर्ट से यह कहा है कि जांच में विशेषज्ञों को भी शामिल किया जाए , ताकि जांच के दौरान कोई भी पहलू अनछुआ नहीं रह जाए. मामले से जुड़े हर पहलू की जांच होनी चाहिए.

साथ ही, जब वकील से पूछा गया कि क्या इस संबंध में अभी तक किसी भी तरह की तारीख निर्धारित की गई है, तो इस पर उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि कोर्ट के खुलने के बाद तारीखों को लेकर भी पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी. मुझे पूरा भरोसा है कि 14 जुलाई के बाद कोर्ट खुलेगा. इसके बाद तारीख तय हो जाएगी, जिसमें आगे की पूरी रूपरेखा भी निर्धारित कर ली जाएगी.

बता दें कि अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे में कथित गड़बड़ी और वित्तीय अनियमितताओं की जांच की मांग को लेकर दायर याचिका पर Supreme Court ने तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया है. कोर्ट ने कहा कि इसे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही सुना जाएगा.

एसएचके/एबीएम