
पटियाला, 24 अक्टूबर . पंजाब के पटियाला जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. एक 27 वर्षीय युवक को पहले तेज रफ्तार एसयूवी ने टक्कर मार दी, फिर वाहन में सवार लोगों ने उसका अपहरण कर लिया और बाद में उसकी चाकू मारकर हत्या कर दी. युवक का शव बाद में पटियाला-संगरूर हाईवे के किनारे एक नाले से बरामद किया गया.
मृतक की पहचान नवाब खान के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, शुक्रवार दोपहर वह अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी गलत दिशा से आ रही एक एसयूवी ने उन्हें सामने से टक्कर मार दी.
आरोप है कि दुर्घटना के बाद एसयूवी सवारों ने नवाब खान को जबरन अपने वाहन में बैठा लिया और वहां से फरार हो गए.
घटना के संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. शुक्रवार को पस्याना पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 140(1) और 3(5) के तहत एफआईआर संख्या 225 दर्ज की गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपहरण के कुछ देर बाद एक राहगीर ने एक वीडियो बनाया, जिसमें नवाब खान एसयूवी की खिड़की से आधे बाहर लटके हुए दिखाई दे रहे थे, जबकि वाहन तेज गति से संगरूर की ओर जा रहा था. यह वीडियो अब जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है.
पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है ताकि घटनाक्रम की पूरी कड़ी को जोड़ा जा सके और आरोपियों की पहचान की जा सके.
जांच अधिकारियों के मुताबिक, अपहरण के बाद नवाब खान की हत्या कर दी गई और उनका शव पटियाला-संगरूर हाईवे पर कलाझार गांव के पास एक नाले में फेंक दिया गया. यह स्थान काला झार टोल प्लाजा से पहले का बताया जा रहा है.
पुलिस अधीक्षक (सिटी) मोहित अग्रवाल ने बताया कि आरोपियों की तलाश में कई जगहों पर छापेमारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की उम्मीद है.
पुलिस के अनुसार, आरोपी एक काले रंग की एसयूवी में सवार थे और उनकी तलाश लगातार जारी है.
इस घटना से नवाब खान के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. उनके पीछे पत्नी और एक साल की बेटी है.
इस जघन्य हत्या के बाद पंजाब में कानून-व्यवस्था को लेकर फिर सवाल उठने लगे हैं. शिरोमणि अकाली दल के महासचिव बिक्रम सिंह मजीठिया ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब में लगातार हत्याएं हो रही हैं, लेकिन सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल साबित हो रही है.
–
एएमटी/डीकेपी