बांग्लादेश: गोपालगंज में सुरक्षा बलों की भारी तैनाती, डीसी-एसपी का तबादला

नई दिल्ली, 16 नवंबर . बांग्लादेश के गोपालगंज जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर चिंता बढ़ गई है. हिंसक प्रदर्शन, आगजनी और तोड़फोड़ के बाद सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. हालात पर नियंत्रण के लिए बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) की 10 प्लाटून तैनात की गई हैं. सरकार ने जिले के उपायुक्त (डीसी) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) का भी तबादला कर दिया है.

बांग्लादेश की समाचार एजेंसी यूनाइटेड न्यूज ऑफ बांग्लादेश (यूएनबी) के अनुसार, सोमवार को बीजीबी मुख्यालय ने गोपालगंज के प्रमुख स्थानों पर 10 प्लाटून तैनात किए जाने की जानकारी दी. इससे पहले रविवार को जिले में छह प्लाटून तैनात की गई थीं. बिगड़ते हालात को देखते हुए सुरक्षा बलों की संख्या बढ़ाई गई है.

बांग्लादेश सीमा सुरक्षा बल के जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है. जवानों को बॉडी-वॉर्न कैमरों से भी लैस किया गया है. इसके अलावा बख्तरबंद वाहन (एपीसी) भी तैयार रखे गए हैं, ताकि किसी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके. बीजीबी मुख्यालय का निगरानी केंद्र भी हालात पर लगातार नजर रख रहा है.

रविवार को गोपालगंज में अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के कार्यकर्ताओं ने बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया था. पार्टी की राजनीतिक गतिविधियों पर प्रतिबंध के बाद यह जिले में उसका पहला बड़ा सार्वजनिक शक्ति प्रदर्शन बताया जा रहा है.

ढाका ट्रिब्यून दैनिक के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान पुलिस के बख्तरबंद वाहन, पुलिस चौकी और सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया गया. प्रदर्शनकारियों ने जुलाई मेमोरियल में तोड़फोड़ की और आग लगा दी. ग़ोपलगंज यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी में हादी चत्तर के नामपट्ट को भी नुकसान पहुंचाया गया.

इससे पहले शनिवार रात को जिले के तुंगीपाड़ा उपजिले में बीएनपी और उसके युवा संगठन जुबो दल के कार्यालयों में भी तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आई थीं. इन घटनाओं के बाद स्थानीय कारोबारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दी थीं.

लगातार बिगड़ती स्थिति के बीच सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर भी बड़ा कदम उठाया. गोपालगंज के उपायुक्त मोहम्मद आरिफ-उज-जमान को उनके पद से हटाकर लोक प्रशासन मंत्रालय से संबद्ध कर दिया गया है. हबीगंज के उपायुक्त जीएम सरफराज को गोपालगंज का नया उपायुक्त नियुक्त किया गया है.

वहीं, जिले के पुलिस अधीक्षक मोहम्मद हबीबुल्लाह का तबादला फेनी कर दिया गया है. फेनी के पुलिस अधीक्षक प्रत्यूष कुमार मजूमदार को गोपालगंज की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने कहा है कि सरकार स्थिति पर नजर रख रही है. उन्होंने संकेत दिया कि यदि प्रदर्शनकारी कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करते हैं तो कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.

अवामी लीग ने 19 नवंबर को देशव्यापी लॉकडाउन का आह्वान किया है. पार्टी की ओर से 17 नवंबर को भी कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की गई है. ऐसे में गोपालगंज में हिंसा और सुरक्षा बलों की बढ़ती तैनाती ने बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं. राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण गोपालगंज पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना का गृह जिला है.

–

केआर/