बद्रीनाथ से देहरादून जा रहा हेलीकॉप्टर लापता, पायलट समेत छह लोग थे सवार; सर्च ऑपरेशन जारी

देहरादून, 30 अक्टूबर . उत्तराखंड के बद्रीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा जा रहा एक हेलीकॉप्टर शुक्रवार दोपहर उड़ान के दौरान लापता हो गया. हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल छह लोग सवार थे. घटना की सूचना मिलते ही भारतीय सेना, चमोली जिला प्रशासन और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) ने सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है.

उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूसीएडीए) की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलीकॉप्टर (कॉल साइन) बद्रीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा के लिए रवाना हुआ था. हेलीकॉप्टर ने दोपहर करीब 1 बजकर 14 मिनट पर उड़ान भरी थी.

बताया गया है कि जोशीमठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया. इसी दौरान ट्रैकिंग सिस्टम ने भी उसकी लोकेशन दिखाना बंद कर दिया. फिलहाल हेलीकॉप्टर की स्थिति और उसकी अंतिम लोकेशन का पता नहीं चल पाया है.

घटना की जानकारी मिलते ही भारतीय सेना, चमोली जिला प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें सक्रिय हो गईं. सभी संबंधित टीमों को हेलीकॉप्टर और उसमें सवार लोगों की तलाश के लिए रवाना कर दिया गया है. फिलहाल इलाके में सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.

एहतियाती कदम उठाते हुए ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के पूरे हेलीकॉप्टर बेड़े की उड़ानों पर रोक लगा दी गई है. प्राधिकरण के अनुसार, हेलीकॉप्टर में कैप्टन हिमांशु पायलट के रूप में सवार थे. उनके अलावा पांच यात्री प्रताप, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के. और एच.एस. नटराज भी हेलीकॉप्टर में मौजूद थे.

इस घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “चाई गांव, जोशीमठ के निकट हेलीकॉप्टर के क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना प्राप्त हुई है. जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, एसडीआरएफ द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. स्वयं भी पूरे घटनाक्रम की निरंतर निगरानी कर रहा हूं. गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार हेतु हायर सेंटर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं. ईश्वर से यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूं.”

फिलहाल हेलीकॉप्टर का कोई सुराग नहीं मिला है और सभी छह लोगों की तलाश के लिए संबंधित एजेंसियों का अभियान जारी है.

–

डीएससी