हिमानी शिवपुरी ने याद किया विजय मेहता का योगदान, कहा- उन्होंने मुझे एक नया कलाकार बना दिया

मुंबई, 1 जुलाई . वेटरन अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी ने दिवंगत थिएटर दिग्गज विजया मेहता को याद किया. उन्होंने बताया कि विजय मेहता ने न सिर्फ उन्हें मंच पर काम करने का मौका दिया, बल्कि उनके अभिनय करने के तरीके को पूरी तरह बदल दिया और एक नई पहचान बनाने में मदद की.

हिमानी शिवपुरी ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा, ”मुझे नाटक ‘हमीदाबाई की कोठी’ में विजय मेहता के साथ काम करने का अवसर मिला था. इसी दौरान मैंने महसूस किया कि विजया मेहता एक ऐसी निर्देशक थीं, जो कलाकार को अंदर से गढ़ती थीं. उनके साथ काम करना एक सीखने की प्रक्रिया थी, जिसने मेरे पूरे करियर को नई दिशा दी.”

अभिनेत्री ने आगे बताया, ”जब लोग उस नाटक को देखने आते थे, तो अक्सर मेरे अभिनय की तारीफ करते हुए कहते थे कि मेरी आवाज, चाल और मंच पर मौजूदगी पहले से बिल्कुल अलग है. यह बदलाव किसी और का नहीं, बल्कि केवल विजया मेहता की ट्रेनिंग का परिणाम था. उन्होंने मुझे एक ऐसा आत्मविश्वास दिया, जिसने मुझे मंच पर खुलकर अपने किरदार को जीने की ताकत दी.”

हिमानी शिवपुरी ने विजया मेहता को याद करते हुए एक पुरानी तस्वीर भी साझा की लिखा, ”विजया मेहता, जिन्हें लोग प्यार से ‘बाई’ कहते थे, अब हमारे बीच नहीं रहीं, लेकिन उनकी सीख हमेशा जीवित रहेगी. मैं खुद को भाग्यशाली मानती हूं कि मुझे इतने बड़े व्यक्तित्व के साथ काम करने का अवसर मिला. वह हर कलाकार को भीतर से बदल देती थीं और उन्हें नया नजरिया देती थीं. उन्होंने मुझे बदल दिया. सैल्यूट टू द लीजेंड. ओम शांति.”

विजया मेहता के निधन की खबर के बाद फिल्म और थिएटर जगत में शोक की लहर दौड़ गई. वरिष्ठ अभिनेत्री शबाना आजमी और अनुभवी कलाकार भारती आचरेकर सहित कई दिग्गज कलाकारों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है.

विजया मेहता भारतीय थिएटर और सिनेमा की सबसे प्रभावशाली हस्तियों में से एक मानी जाती थीं. उनका 30 जून को 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया.

पीके/एएस