ग्रेटर नोएडा में हिट एंड रन का मामला, तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे युवक को मारी टक्कर

ग्रेटर नोएडा, 15 सितंबर . ग्रेटर नोएडा में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है. बिसरख थाना क्षेत्र के एक मूर्ति चौक के पास सड़क पार कर रहे एक युवक को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना का सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

वीडियो में सड़क पार करते समय युवक को कार की चपेट में आते हुए देखा जा सकता है. बताया जा रहा है कि वायरल हो रहा सीसीटीवी वीडियो 5 सितंबर की सुबह करीब 4:35 बजे का है. सड़क पर उस समय आवाजाही कम थी. इसी दौरान युवक सड़क पार करने की कोशिश कर रहा था. जैसे ही वह सड़क के बीच में पहुंचा, तेज रफ्तार से आ रही कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक उछलकर सड़क पर जा गिरा. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हादसे में युवक को गंभीर चोटें आई हैं. उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है. घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज सामने आने पर मामले ने फिर तूल पकड़ लिया है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को देखकर लोग तेज रफ्तार वाहन चलाने और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं. मामले को लेकर बिसरख थाना पुलिस ने कार्रवाई की है. थाना प्रभारी के मुताबिक, घटना के संबंध में शिकायत मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था.

पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी कार चालक की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है. हादसे के कारणों और घटना के समय कार की गति समेत अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है.

वहीं, घायल युवक का इलाज जारी है और उसकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है. फिलहाल पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

पीकेटी/डीकेपी