हांगकांग ओपन: सात्विक-चिराग की जोड़ी को मिली सेमीफाइनल में हार, टूटा फाइनल खेलने का सपना

कोव्लून, 21 नवंबर . हांगकांग ओपन 2026 में भारत की पुरुष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी का सफर सेमीफाइनल में खत्म हो गया. उन्हें मलेशिया की आठवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी मान वेई चोंग और टी काई वुन के हाथों सीधे गेम में हार का सामना करना पड़ा.

पांचवीं वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी ने कई गलतियां कीं और 40 मिनट चले मुकाबले में 18-21, 19-21 से हार गई. दिलचस्प बात यह है कि इस मुकाबले से पहले मलेशियाई जोड़ी के खिलाफ उनका हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 4-1 से उनके पक्ष में था. पहला गेम दोनों जोड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला रहा. कुछ शानदार रैलियों के बाद मलेशियाई जोड़ी 17-12 से आगे हो गई. सात्विक और चिराग ने वापसी की कोशिश की और सात्विक के कुछ बेहतरीन डिफेंसिव शॉट्स की मदद से स्कोर 17-17 से बराबर कर लिया. हालांकि, अंतिम क्षणों में मान और टी ने संयम बनाए रखा और पहला गेम 21-18 से अपने नाम कर लिया.

भारतीय जोड़ी ने दूसरे गेम की शुरुआत अच्छी की और 7-3 की बढ़त बना ली, जिससे मैच को निर्णायक गेम (टाईब्रेक) तक ले जाने की उम्मीद जगी. मगर नेट पर भारत की कुछ गलतियों की वजह से मलेशियाई जोड़ी ने वापसी की और स्कोर बराबर कर दिया. स्कोर बराबर होने के बाद मान और टी ने मौके का फायदा उठाया और दूसरा गेम 21-19 से जीतकर फाइनल में जगह बना ली.

इससे पहले, क्वार्टर फाइनल में भारतीय जोड़ी ने 21-12, 13-21, 21-16 से जीत दर्ज की थी. उस मैच में वे दूसरा गेम हार गए थे, लेकिन तीसरे गेम में जोरदार वापसी करते हुए जीत हासिल की और सेमीफाइनल में पहुंचे थे. क्वार्टर फाइनल मैच में सात्विक और चिराग ने शानदार शुरुआत की थी. भारतीय जोड़ी ने पहले 6-3, फिर 9-6 की बढ़त बनाई और पहले इंटरवल तक 11-7 से आगे रहे. इस जोड़ी ने दूसरे गेम की शानदार शुरुआत की और 15-10 की बढ़त बना ली, जिसके बाद उन्होंने सिर्फ 13 मिनट में 21-12 से गेम जीत लिया.

दूसरा गेम काफी कड़ा मुकाबला रहा. 4-4 पर स्कोर बराबर था, फिर भारतीयों को 9-9 के स्कोर पर थोड़ी बढ़त मिली. हू और लिन ने 13-11 से बढ़त बनाई और इसे 15-11 तक पहुंचाया, और अंततः 21-13 से गेम अपने नाम कर लिया. तीसरे गेम में भारतीयों ने वापसी की और ब्रेक के समय 11-7 की बढ़त बना ली. उन्होंने अपनी जीत की लय बरकरार रखी और 15-9 तथा 17-10 से आगे निकल गए. हालांकि, अंत में चीनी जोड़ी ने बढ़त को कम करने की पूरी कोशिश की, लेकिन सात्विक और चिराग ने संयम बनाए रखा और 21-16 से गेम जीतकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली थी.

इस बीच, फाइनल में मलेशियाई जोड़ी का मुकाबला दूसरे सेमीफाइनल के विजेताओं से होगा. यह सेमीफाइनल इंडोनेशिया के लियो रोली कार्नांडो और डैनियल मार्थिन तथा कोरिया के कांग मिन-ह्युक और ली जोंग-मिन के बीच खेला जाएगा.

–

एसएम/पीएम