
मोंग कोक, 1 नवंबर . हांगकांग सिक्सेस में लगातार तीन हार झेलने के बाद भारतीय टीम को आखिरकार पहली जीत मिल गई है. मिशन रोड ग्राउंड में रविवार को खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया ने बांग्लादेश को आखिरी गेंद पर 5 विकेट से हराया.
भारतीय टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी. पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश की टीम ने 6 ओवर में 5 विकेट पर 116 रन बनाए थे. कप्तान अबू हिदर रोनी ने मात्र 18 गेंदों पर 8 छक्कों और 3 चौकों की मदद से नाबाद 62 रन की पारी खेली. इसके अलावा हबीबुर रहमान सोहन ने 6 गेंद पर 18, सब्बीर रहमान ने 4 गेंद पर 13 और चौधरी मोहम्मद रिजवान ने 5 गेंदों पर 12 रन बनाए.
भारत की तरफ से कप्तान क्रुणाल पांड्या सफल गेंदबाज रहे. पंड्या ने 2 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट लिए. राहुल त्रिपाठी को 1 विकेट मिला.
117 रन का लक्ष्य भारतीय टीम ने पारी की आखिरी गेंद पर हासिल किया. शशांक सिंह ने 15 गेंदों पर 7 छक्कों और 1 चौके की मदद से 50 रन की पारी खेली. वह रिटायर्ड हर्ट हुए.
राहुल त्रिपाठी ने 12 गेंदों पर 3 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 32, नितीश राणा ने 4 गेंदों पर नाबाद 10 और राहुल तेवतिया ने 5 गेंदों पर नाबाद 16 रन बनाए. भारत ने 5 विकेट से यह मुकाबला जीता. क्रुणाल पांड्या प्लेयर ऑफ द मैच रहे.
ग्रुप सी में मौजूद भारतीय टीम को अपने पहले मैच में पाकिस्तान से 4 विकेट से, दूसरे मैच में यूएई से 6 विकेट से और तीसरे मैच में इंग्लैंड से 3 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था.
टूर्नामेंट में 12 टीमों ने हिस्सा लिया था. बांग्लादेश पर जीत के बाद भारतीय टीम 11वें स्थान पर रही.
–
पीएके