‘मैं जडेजा को अपना आदर्श मानता हूं, विटोरी को फॉलो करता हूं’: बादल बिस्वाल

कटक, 22 सितंबर . ओडिशा टी20 लीग-सीएम में भुवनेश्वर टाइगर्स के लिए खेल रहे बाएं हाथ के युवा स्पिनर बादल बिस्वाल ने कहा है कि वह भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को अपना आदर्श मानते हैं, साथ ही न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान और ऑलराउंडर डेनियल विटोरी को भी बेहद करीब से फॉलो करते हैं.

भुवनेश्वर टाइगर्स की जीत के बाद बादल बिस्वाल ने कहा, “टीम में हर कोई बहुत सहयोगी स्वभाव का रहा है और माहौल शुरू से ही बहुत सकारात्मक रहा है. कोच, कप्तान, सहयोगी स्टाफ और मालिकों, सभी ने हमें बहुत आत्मविश्वास दिया है और हमें महसूस कराया है कि हम सब इसमें एक साथ हैं. उन्होंने परिणाम की परवाह किए बिना हमारा साथ दिया है. इसी भरोसे से हमें मैदान में उतरकर खुद को एक्सप्रेस करने की आजादी मिलती है.”

बिस्वाल ने कहा, “जब हमें टारगेट डिफेंड करना था तो इससे हमें शांत और फोकस्ड रहने में मदद मिली. हम जानते थे कि गेम जल्दी बदल सकता है, लेकिन हमने एक-दूसरे पर भरोसा किया और अपने प्लान पर टिके रहे. हमारा लक्ष्य स्पष्ट है. हम यह टूर्नामेंट जीतना चाहते हैं. हम हर मैच को उस लक्ष्य के करीब जाने के मौके की तरह लेंगे.”

युवा खिलाड़ी ने बताया कि अपने स्पेल के दौरान उनका फोकस डॉट बॉल से दबाव बनाने पर था, न कि बाराबती स्टेडियम में कभी-कभार होने वाली बाउंड्री की चिंता करने पर.

उन्होंने कहा, “निजी तौर पर मेरा योजना थी कि मैं ज्यादा से ज्यादा डॉट बॉल डालने पर फोकस करूं. इससे दबाव बनता है और अंत में विकेट मिलती है. टी20 क्रिकेट में, आप कभी-कभी छक्का खा सकते हैं. यह खेल का हिस्सा है. आप एक बाउंड्री को अपने आत्मविश्वास पर असर डालने नहीं दे सकते. आपको अपने प्लान पर भरोसा करना होगा, अपनी स्किल्स पर भरोसा करना होगा और सही लेंथ पर फोकस करना होगा. यही मेरा अप्रोच था, और मुझे खुशी थी कि मैं टीम की जीत में योगदान दे सका.”

बिस्वाल का जन्म और पालन-पोषण दिल्ली में हुआ, फिर वे ओडिशा चले गए और वे लगभग 12 साल की उम्र से क्रिकेट खेल रहे हैं. एक ऑल-राउंडर के तौर पर, वे अब आने वाले मौकों का ज्यादा से ज्यादा फायदा उठाना चाहते हैं और अपने खेल को और बेहतर बनाना चाहते हैं.

उन्होंने कहा, “मैं लगभग 12 साल की उम्र से क्रिकेट खेल रहा हूं. मैं दिल्ली में पैदा हुआ और पला-बढ़ा, लेकिन फिर ओडिशा आ गया. मैं एक ऑल-राउंडर हूं और हर विभाग में अपने खेल को बेहतर बनाना चाहता हूं. मैं हर मौके से सीखना चाहता हूं और कड़ी मेहनत करना जारी रखना चाहता हूं. रवींद्र जडेजा मेरे क्रिकेटिंग आदर्श हैं, जबकि मैंने डेनियल विटोरी को भी करीब से फॉलो किया है. मुझे उन खिलाड़ियों से सीखना पसंद है जिन्होंने सबसे ऊंचे लेवल पर लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है.”

–

पीएके