मैं अभी गेंदबाजी नहीं छोड़ना चाहती, मुझे तीनों स्किल्स में खेल का हिस्सा बनने में मजा आता है: साइवर ब्रंट

नई दिल्ली, 30 जुलाई . इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम की कप्तान नैट साइवर ब्रंट का कहना है कि पिंडली की चोट के बावजूद वह टीम के लिए बतौर ऑलराउंडर ही योगदान देना चाहती हैं. उन्होंने कहा कि द हंड्रेड के बाद रिहैबिलिटेशन पूरा करने के बाद वह बतौर गेंदबाज वापसी करना चाहती हैं.

इंग्लैंड के द हंड्रेड में ट्रेंट रॉकेट्स का प्रतिनिधित्व करते हुए साइवर-ब्रंट ने अपने रिकवरी प्लान के बारे में बताया कि वह सितंबर में आयरलैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के दौरान वापस से गेंदबाजी शुरू करने का प्लान कर रही हैं. फिलहाल ब्रंट टूर्नामेंट में बतौर बल्लेबाज खेल रही हैं, लेकिन इंग्लैंड की कप्तान ने साफ किया है कि अपने खेल का आधा हिस्सा छोड़ने पर वह बिल्कुल भी विचार नहीं कर रही हैं.

साइवर ब्रंट ने ‘स्काई स्पोर्ट्स’ से कहा, “मैं अभी गेंदबाजी करना चाहती हूं. मुझे तीनों स्किल्स में खेल का हिस्सा बनने में मजा आता है.” साइवर ब्रंट को अप्रैल में पिंडली में चोट लगी थी और इस कारण उन्हें आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप में बतौर बल्लेबाज खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा था. ब्रंट का पूरा ध्यान चोट से उबरकर फिर से गेंदबाजी पर है.

उन्होंने आगे कहा, “यही प्लान है. इस टूर्नामेंट के बाद मैं अपने शरीर को ठीक करने के लिए काफी लंबा रिहैब करूंगी और यह पक्का करूंगी कि पिंडली की चोट जरूरत से ज्यादा समय तक न रहे.” इंग्लैंड की कप्तान ने बताया कि टीम के मेडिकल और परफॉर्मेंस स्टाफ की मदद से उनके रिकवरी प्रोग्राम को ध्यान से मैनेज किया जा रहा है ताकि यह पक्का हो सके कि वह समस्या के दोबारा होने के जोखिम के बिना वापसी कर सकें.

उन्होंने कहा, “हम स्पोर्ट्स साइंस और मेडिसिन टीम के साथ मिलकर एक प्लान बना रहे हैं कि कैसे फिट रहूं और जिस भी टीम में मैं रहूं उसमें सच में योगदान दे सकूं.” शारीरिक चुनौती के बावजूद साइवर ब्रंट ने जोर देकर कहा कि खेल के लिए उनका जोश वैसा ही है और उनका गेंदबाजी से दूर जाने का कोई इरादा नहीं है.

उन्होंने कहा, “मुझमें अब भी जोश है और मुझे क्रिकेट खेलना और उसका आनंद लेना पसंद है. मैं अभी गेंदबाजी नहीं छोड़ना चाहती.” सितंबर में आयरलैंड के खिलाफ इंग्लैंड की तीन मैचों की वनडे सीरीज टी20 विश्व कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली हार के बाद इंग्लैंड टीम की यह पहली सीरीज होगी.

एसएम/वीसी