
वॉशिंगटन, 13 अगस्त . अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा की है. उन्होंने इसके पीछे की वजह एक मां के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाना बताया. उन्होंने कहा कि परिवार और दो छोटे बच्चों को समय देने के लिए वह व्हाइट हाउस छोड़ रही हैं, हालांकि लेविट ने स्पष्ट किया कि वह बाहर से ट्रंप की प्रमुख सलाहकार के तौर पर काम करती रहेंगी और रिपब्लिकन पार्टी का समर्थन जारी रखेंगी.
कैरोलिन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, ”पिछले डेढ़ साल तक व्हाइट हाउस प्रेस सचिव के रूप में सेवा करना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान और सबसे यादगार अनुभव रहा है. मैं राष्ट्रपति ट्रंप की बेहद आभारी हूं कि उन्होंने मुझे इतने असाधारण अवसर दिए. मुझे वेस्ट विंग में काम करने, ओवल ऑफिस में अनगिनत घंटे बिताने, दुनिया भर की यात्राएं करने, विदेशी नेताओं से मिलने और हमारे खूबसूरत देश के अलग-अलग हिस्सों में जाकर हर वर्ग के अमेरिकी नागरिकों से मिलने का मौका मिला.”
लेविट ने कहा, ”सबसे बढ़कर मैं राष्ट्रपति की आभारी हूं कि उन्होंने मुझे व्हाइट हाउस के पोडियम से उनकी ओर से बोलने की जिम्मेदारी और सम्मान दिया. मैंने इस प्रशासन की कई ऐतिहासिक उपलब्धियों के बारे में हमेशा गर्व के साथ बात की है. साथ ही मुझे यह सुनिश्चित करने में भी संतोष मिला कि मीडिया जवाबदेह रहे और अमेरिकी लोगों तक राष्ट्रपति ट्रंप की सफलताओं के बारे में सच्ची जानकारी पहुंचे.”
कैरोलिन ने बताया कि एक मां होना और इसी दौरान अपने परिवार में एक नए बच्चे का स्वागत करना, जबकि दुनिया की सबसे चुनौतीपूर्ण नौकरियों में से एक को निभाना, मेरे जीवन का सबसे संतोषजनक लेकिन सबसे कठिन दौर रहा है. सच कहूं तो अपनी बेटी के जन्म के बाद जब मैं वापस व्हाइट हाउस लौटी, तो मुझे दिल से महसूस हुआ कि व्हाइट हाउस प्रेस सचिव की भूमिका में जितना समय, ऊर्जा और ध्यान देना पड़ता है, उसके साथ मैं अपने दो छोटे बच्चों की वैसी मां नहीं बन पा रही हूं, जिसकी वे हकदार हैं. यही वजह है कि मैंने भारी मन से व्हाइट हाउस छोड़ने और अपने जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत करने का फैसला किया है.
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने मुझसे कहा है कि मैं बाहर से भी उनकी एक प्रमुख सलाहकार के रूप में काम करती रहूं. मैं हमेशा एमएजीए आंदोलन और रिपब्लिकन पार्टी की खुलकर समर्थक बनी रहूंगी.
उन्होंने कहा कि हमारा देश, मेरे विचार में, डेमोक्रेटिक पार्टी के बढ़ते कट्टरपंथी रुझानों से एक गंभीर चुनौती का सामना कर रहा है. मेरा मानना है कि जो लोग इस देश की परवाह करते हैं, उन सभी की जिम्मेदारी है कि वे इस चुनौती का मुकाबला करें. मेरी लड़ाई अब एक नए चरण में प्रवेश कर रही है, लेकिन यह अभी खत्म नहीं हुई है.
कैरोलिन ने कहा, ”मैं एक बार फिर राष्ट्रपति, प्रथम महिला और पूरे ट्रंप परिवार का वर्षों से मिले उनके स्नेह और उदारता के लिए धन्यवाद करती हूं. हमारी शानदार चीफ ऑफ स्टाफ सूसी वाइल्स का भी धन्यवाद, जिन्होंने अभियान में मुझे नियुक्त करने के पहले दिन से ही मुझ पर भरोसा किया और मुझे आगे बढ़ने का मौका दिया. साथ ही राष्ट्रपति के मंत्रिमंडल, मेरे स्टाफ, सहयोगियों और व्हाइट हाउस के उन सभी मित्रों का भी धन्यवाद, जो हमारे देश के लिए इतनी मेहनत करते हैं. इतने प्रतिभाशाली और समर्पित लोगों के साथ काम करना मेरे लिए सम्मान की बात रही है और आने वाले ढाई वर्षों में उनकी सफलताओं को देखकर मुझे खुशी होगी.”
कैरोलिन ने कहा मैं अपने प्यार करने वाले और हमेशा साथ देने वाले पति तथा अपने परिवार का धन्यवाद करती हूं, जिन्होंने मुझे यह जिम्मेदारी निभाने के लिए बहुत त्याग किए.
–
एवाई/वीसी