‘खेलेंगे तो खिलेंगे’, पीएम मोदी के संवाद से झारखंड के युवाओं में दिखा जबरदस्त उत्साह

नई दिल्ली, 27 अगस्त . प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ‘खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम’ के तहत देशभर के युवाओं और खिलाड़ियों से वर्चुअल संवाद किया. इस दौरान पीएम ने युवाओं को खेलों से जुड़ने, फिटनेस को प्राथमिकता देने और ‘खेलो इंडिया अभियान’ का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित किया. झारखंड में भी युवाओं और खिलाड़ियों में इस कार्यक्रम को लेकर शानदार उत्साह देखने को मिला.

धनबाद के एसएसएलएनटी महिला कॉलेज में ‘खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम’ को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला. कॉलेज की सैकड़ों छात्राओं ने प्रधानमंत्री मोदी के देश के युवाओं और जेनजी के साथ हुए सीधे संवाद को गौर से सुना. इस दौरान धनबाद के विधायक राज सिन्हा, कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शर्मिला रानी समेत महाविद्यालय प्रशासन भी मौजूद रहा. प्रधानमंत्री के खेल और युवाओं को लेकर दिए गए संदेश ने छात्राओं में नया उत्साह भर दिया.

एसएसएलएनटी महिला कॉलेज के सभागार में आयोजित ‘खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम’ में छात्राओं का उत्साह देखते ही बन रहा था. प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन को छात्राओं ने बड़ी गंभीरता से सुना. कई छात्राएं पीएम मोदी के वक्तव्यों को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड करती और उनकी तस्वीरें लेती भी नजर आईं.

प्रधानमंत्री मोदी ने देश के जेनजी और युवाओं से सीधा संवाद करते हुए कहा कि युवाओं के मन में नए-नए आइडिया आने चाहिए. खेल सिर्फ मनोरंजन या मेडल जीतने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि खेल हमें जीवन की चुनौतियों से लड़ना भी सिखाते हैं. उनका स्पोर्ट्स विजन ‘विकसित भारत’ के निर्माण में देश की खेल क्षमता और युवा शक्ति को एकजुट करने का अभियान है.

पीएम मोदी ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जो खेलते हैं, वे खिलते हैं. खेल में खिलने का मतलब सिर्फ मैदान पर जीत हासिल करना नहीं, बल्कि व्यक्ति, परिवार और देश के विकास में योगदान देना भी है. जब कोई खिलाड़ी सफलता हासिल करता है तो उसकी पहचान के साथ-साथ उसके परिवार, स्कूल, कॉलेज, जिले और राज्य का भी मान बढ़ता है.

कार्यक्रम के बाद कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शर्मिला रानी ने ‘खेलो इंडिया संवाद’ को छात्राओं के भीतर खेल भावना विकसित करने वाला महत्वपूर्ण कार्यक्रम बताया. उन्होंने कहा कि विकसित राष्ट्र के निर्माण में युवाओं का शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत होना जरूरी है और प्रधानमंत्री का यह संवाद युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करेगा.

वहीं, धनबाद विधायक राज सिन्हा ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संवाद को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया. उन्होंने कहा कि आज देश में खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए जिस तरह का माहौल तैयार किया जा रहा है, उससे आने वाले दिनों में भारत की युवा प्रतिभाएं दुनिया में देश का नाम रोशन करेंगी.

कार्यक्रम में शामिल छात्राओं ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के संवाद ने उनके भीतर खेल के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह भरा है. छात्राओं ने खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर सुविधाएं और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने की भी मांग की.

एक छात्रा ने कहा, “पीएम ने खेल और देश के विकास को लेकर बात कही हैं. हमें अपने देश का नाम रोशन करना है. हम में खेल के प्रति जुनून होना चाहिए. सभी का सपना होता है कि वह भारत के लिए खेले.”

एक अन्य छात्रा ने बताया, “मैं एक पावरलिफ्टर चैंपियन हूं. मैंने नेशनल खेला है. मैंने मई में झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए गोल्ड जीता. अन्य लड़कियों को भी अपने पसंदीदा खेल में देश का नाम रोशन करना चाहिए.”

दूसरी ओर, झारखंड की राजधानी रांची में आईआईएम में ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन हुआ. देश के रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ आईआईएम रांची में इस कार्यक्रम में मौजूद रहे.

कार्यक्रम में शामिल होने के बाद केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि आज देश भर के 5,000 जगहों पर खेलो इंडिया डायलॉग का आयोजन हुआ और 1,500 ऐसी जगहें थीं, जहां खेल के बड़े लोगों से प्रधानमंत्री ने सीधा संवाद किया. देश चाहता है कि वे ओलंपिक, एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ में पदक जीतें. जब तक खेलों को बढ़ावा नहीं देंगे, खिलाड़ियों को बढ़ावा नहीं देंगे, कैसे हम किसी खिलाड़ी से उम्मीद कर सकते हैं कि वह पदक जीत कर आए? पदक जीतने के लिए उनको प्रेरित करना होगा और प्रधानमंत्री मोदी खिलाड़ियों को प्रेरित करते हैं. जब भी कोई खिलाड़ी खेलकर देश लौटता है, तो वह उन्हें बुलाकर संवाद करते हैं और प्रेरित करते हैं.

आरएसजी/एबीएम