संसदीय समिति की अहम बैठक 1 जुलाई को, एनटीए में सुधार और नीट-यूजी पुनर्परीक्षा पर होगी चर्चा

नई दिल्ली, 30 जून . 1 जुलाई को संसदीय समिति की एक अहम बैठक होने वाली है. बुधवार को शिक्षा, महिला, बाल, युवा एवं खेल संबंधी संसदीय स्थायी समिति की महत्वपूर्ण बैठक होगी. इस बैठक में नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट फॉर अंडरग्रेजुएट्स (नीट-यूजी) 2026 की पुनर्परीक्षा से मिले प्रमुख सबकों की समीक्षा की जाएगी और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) में आवश्यक सुधारों पर चर्चा होगी.

बैठक में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के पूर्व अध्यक्ष और एनटीए सुधार समिति के प्रमुख डॉ के राधाकृष्णन एजेंसी को सशक्त बनाने के लिए अपना रोडमैप प्रस्तुत करेंगे. बैठक में उच्च शिक्षा सचिव और एटीए के महानिदेशक भी शामिल होंगे, जो चल रहे सुधारों और चुनौतियों पर समिति को जानकारी देंगे.

बैठक में शिक्षा क्षेत्र में स्वदेशी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीकों के व्यावहारिक उपयोग की संभावनाओं पर भी गंभीर रूप से विचार किया जाएगा. बुधवार को संसदीय समिति की बैठक का पहला सत्र सुबह 10.30 बजे से और दूसरा सत्र दोपहर 12 बजे से शुरू होगा.

नीट-यूजी पेपर लीक घटना के बाद एनटीए पहली बार संसदीय समिति को जवाब देने जा रहा है. इससे पहले भी संसदीय समिति ने नीट-यूजी पेपर लीक घटना के बाद एनटीए से कड़े सवाल पूछे थे.

शिक्षा, महिला, बाल, युवा और खेल संबंधी संसदीय स्थायी समिति के अध्यक्ष कांग्रेस नेता व राज्यसभा सदस्य मुकुल वासनिक हैं. इससे पहले कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह समिति के अध्यक्ष थे, लेकिन 21 जून को उनका कार्यकाल समाप्त हो गया. अध्यक्ष बनने के बाद मुकुल वासनिक की यह पहली संसदीय समिति बैठक होगी.

डीके/वीसी