
मॉस्को, 2 नवंबर . क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने बताया कि चीन के साथ होने वाली बैठकों का रूस हमेशा स्वागत करता है. एपेक शिखर सम्मेलन में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात की तैयारियां चल रही हैं. इस बैठक का सभी को बेसब्री से इंतजार है.
रूसी समाचार एजेंसी ‘तास’ की रिपोर्ट के अनुसार, क्रेमलिन के प्रवक्तने बताया कि इस बैठक की तैयारियों की पुष्टि हो चुकी है. हम इस मुलाकात का इंतजार कर रहे हैं. पेसकोव ने कहा कि चीन के साथ होने वाली शीर्ष स्तर की बैठकों का रूस हमेशा स्वागत करता है और हर बार उनका इंतजार रहता है.
पेसकोव के अनुसार, एपेक शिखर सम्मेलन के दौरान राष्ट्रपति पुतिन के कार्यक्रम को अंतिम रूप देने का काम अभी चल रहा है. उन्होंने बताया कि इस संबंध में रूस लगातार आयोजकों और चीनी पक्ष के संपर्क में है.
पेसकोव ने कहा कि फिलहाल एपेक शिखर सम्मेलन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच संभावित त्रिपक्षीय बैठक को लेकर कोई ठोस जानकारी उपलब्ध नहीं है.
इससे पहले रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में साथ दिखे थे. यह ब्रिक्स शिखर सम्मेलन भारत की अध्यक्षता में 12-13 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में सफलतापूर्वक आयोजित हुआ था.
नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इस फोटो सेशन में प्रधानमंत्री मोदी के साथ रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग साथ नजर आए थे. हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ तीन-पक्षीय बैठक करने की इच्छा जताई थी.
ट्रंप ने कहा था, “मैं यह बैठक करने को तैयार हूं, लेकिन यूक्रेन के लिए नहीं. हम इसे परमाणु निरस्त्रीकरण पर बात करने के लिए करेंगे.”
–
एवाई/वीसी