
बिश्केक, 31 अगस्त . भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एससीओ समिट के लिए किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में हैं. रविवार को हवाई अड्डे पर किर्गिज गणराज्य के कैबिनेट ऑफ मिनिस्टर्स के चेयरमैन, आदिलबेक कासिमालीव ने उनका स्वागत किया. होटल पहुंचने पर प्रवासी भारतीयों ने भी गर्मजोशी से उनका अभिनंदन किया. पीएम के सम्मान में रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए. कुछ झलकियां प्रधानमंत्री ने खुद साझा की. वंदे मातरम की धुनों पर योगाभ्यास अलौकिक रहा.
प्रधानमंत्री के सम्मान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में कलाकारों ने वंदे मातरम् की मधुर धुन पर अद्भुत योगाभ्यास प्रस्तुत किया. गोमुख आसन से लेकर वीरभद्रासन को पूरे सामंजस्य के साथ प्रदर्शित किया गया. जिसने जता दिया कि भारत की यह प्राचीन धरोहर आज पूरे विश्व को स्वस्थ, संतुलित और निरोगी जीवन की प्रेरणा दे रही है.
इससे पहले ताशकंद में भी ऐसा ही एक आयोजन किया गया था. विशेष योग सत्र में पीएम मोदी शामिल हुए. प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सत्र की क्लिप साझा की. ऐसे सत्र से साक्षात्कार कराया जो भारत और उज्बेकिस्तान के बीच सांस्कृतिक संबंधों की एक अनूठी तस्वीर पेश करता है. ताशकंद में पीएम मोदी ने उज्बेकिस्तान के 52 योग साधकों की विशेष योग प्रस्तुति देखी.
इसके बाद पीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “आप लोगों ने बहुत बढ़िया योग करके दिखाया है और इसमें सभी उम्र के लोग शामिल हुए. मैं अपने मित्र, राष्ट्रपति का आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने उज्बेकिस्तान को योग से जोड़ दिया है.”
इस विशेष योग सत्र में उज्बेकिस्तान की योग फेडरेशन के छह सदस्य भी शामिल थे, जिन्होंने जून 2026 में अहमदाबाद में आयोजित पहले विश्व योगासन चैंपियनशिप में अपने देश का प्रतिनिधित्व किया था. इन साधकों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 18 पदक अपने नाम किए हैं. इनमें एक स्वर्ण, 14 रजत और तीन कांस्य पदक शामिल हैं.
बता दें, 26वां शंघाई को-ऑपरेशन ऑर्गनाइजेशन (एससीओ) समिट 31 अगस्त से 1 सितंबर को बिश्केक में होगा. इसकी मेजबानी किर्गिस्तान करेगा और अध्यक्षता सादिर जापारोव करेंगे. एससीओ के 25 साल पूरे होने पर सम्मेलन का आयोजन किया गया है.
इस बार की थीम- सतत शांति, विकास और समृद्धि के लिए साथ मिलकर आगे बढ़ना है. इस समिट में भारत, चीन, रूस, पाकिस्तान, ईरान समेत 10 सदस्य देशों के नेता शामिल हो रहे हैं.
पीएम मोदी रविवार शाम ही उज्बेकिस्तान की 2 दिवसीय यात्रा पूरी करने के बाद एससीओ समिट में शामिल होने के लिए किर्गिस्तान रवाना हो गए थे. वहां पहुंचने के बाद उन्होंने एक्स पोस्ट के जरिए बताया कि वो बिश्केक पहुंच गए हैं और आगामी दो दिनों तक विभिन्न देशों के शीर्ष नेतृत्व के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे.
–
केआर/