
नोएडा, 23 मई . नोएडा के फेस-1 थाने की पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 25-25 हजार रुपए के इनामी दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को सेक्टर-14ए स्थित शनि मंदिर के पास से मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर पकड़ा.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनस पुत्र अयाज और अमन पुत्र अजय कुमार के रूप में हुई है. दोनों आरोपी लंबे समय से गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में फरार चल रहे थे और उनकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधिकारियों द्वारा इनाम घोषित किया गया था. पुलिस के मुताबिक, आरोपी अनस मूलरूप से बिहार के अररिया जिले के ग्राम चिरोहट का रहने वाला है और वर्तमान में दिल्ली के न्यू अशोक नगर में रह रहा था. उसकी उम्र 22 वर्ष बताई गई है.
वहीं, दूसरा आरोपी अमन, नोएडा के सदरपुर कॉलोनी, सेक्टर-45 का निवासी है और उसकी उम्र 24 वर्ष है. फेस-1 की पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं. गैंग लीडर अनस अपने साथी अमन के साथ मिलकर वाहन चोरी, लूटपाट, जानलेवा हमला और अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता था. पुलिस ने बताया कि दोनों के खिलाफ थाना फेस-1 में गैंगस्टर एक्ट की धारा 2/3 के तहत मुकदमा दर्ज है. इसके अलावा दोनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास भी सामने आया है.
आरोपी अनस के खिलाफ नोएडा के थाना फेस-1 और थाना सेक्टर-20 में हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, मारपीट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कुल 10 मुकदमे दर्ज हैं. वहीं, आरोपी अमन के खिलाफ भी कई संगीन मामलों में मुकदमे दर्ज पाए गए हैं.
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों अपराधी लगातार आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय थे और क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहे थे. नोएडा पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और फरार चल रहे अन्य बदमाशों की तलाश भी तेज कर दी गई है.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है. दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
–
पीकेटी/डीकेपी