
जयपुर, 7 सितंबर . भाजपा के राष्ट्रीय सचिव रोहन गुप्ता ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा में मुख्यमंत्री से लेकर सामान्य कार्यकर्ता तक सभी को जनता के बीच जाकर काम करना होता है. भाजपा की कार्यसंस्कृति में मुख्यमंत्री को किसी राजा की तरह विशेष सुविधा नहीं मिलती बल्कि वे भी पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में जनता के बीच जाते हैं.
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव रोहन गुप्ता ने समाचार एजेंसी से बात करते हुए कहा, “कांग्रेस और भाजपा में यही फर्क है. भाजपा में हमारे मुख्यमंत्री भी पार्टी के कार्यकर्ता ही होते हैं. मुख्यमंत्री के साथ किसी राजा जैसा बर्ताव नहीं किया जाता.”
उन्होंने कहा कि चुनाव या जनता से जुड़े मुद्दों के समय मुख्यमंत्री और पार्टी के आम कार्यकर्ता दोनों को लोगों के बीच जाकर उनका सम्मान करना चाहिए, उनकी समस्याओं और उम्मीदों को समझना चाहिए तथा समाधान के लिए प्रयास करना चाहिए.
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ने कहा कि कांग्रेस इसी सोच और जनता से दूरी के कारण सत्ता से बाहर हुई. उन्होंने सवाल किया कि क्या मुख्यमंत्री जनता के बीच नहीं जा सकते और क्या जनता के बीच जाना उनके लिए अपराध है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने चुनाव से पहले ही हार मान ली है. उनके मुताबिक कांग्रेस के कार्यालय नहीं खुल रहे हैं और पार्टी की ओर से कोई प्रभावी प्रचार भी नहीं किया जा रहा है.
सहारनपुर में मस्जिद गिराए जाने के मामले पर रोहन गुप्ता ने कहा कि जिस निर्माण के आगे “अवैध” लिखा हो, उसके खिलाफ कार्रवाई पर राजनीति नहीं की जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि कुछ लोग इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं, जो देश के लिए सही नहीं है.
उन्होंने विपक्ष पर धर्म के नाम पर राजनीति करने और लोगों को बांटने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि लोगों को धर्म की राजनीति से बचना चाहिए क्योंकि इससे किसी का फायदा नहीं होगा. उन्होंने जनता से ऐसे मामलों को समझदारी से देखने की अपील की.
रोहन गुप्ता ने कहा कि उन्होंने राजस्थान के कई जिलों का दौरा कर लोगों से बातचीत की है. आम लोग सरकार के कामकाज से संतुष्ट नजर आ रहे हैं. जनता का सरकार पर पूरा विश्वास है और लोगों को भरोसा है कि सरकार उनके साथ खड़ी है तथा उनकी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि राजस्थान में भाजपा की “डबल इंजन” सरकार धरातल पर काम कर रही है. मुख्यमंत्री के स्तर से लेकर प्रशासन तक जनता की समस्याओं के समाधान पर ध्यान दिया जा रहा है. गुप्ता ने दावा किया कि आने वाले समय में सरकार के कामकाज के और बेहतर परिणाम देखने को मिलेंगे. उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के दौरान जनता की समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया, जिसके कारण लोगों ने उसे हटाकर भाजपा की डबल इंजन सरकार को चुना.
—
एसएके/पीएम