
रांची, 15 सितंबर . रांची के रातू थाना क्षेत्र में पैतृक जमीन और संपत्ति के विवाद में एक व्यक्ति की उसके सगे भाई ने फावड़े से हमला कर हत्या कर दी. मृतक की पहचान भिखाराम उरांव के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी जयनाथ उरांव फरार हो गया है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. घटना मंगलवार को चिपरा इलाके में हुई. ग्रामीणों ने खेत के किनारे एक व्यक्ति को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके में बड़ी संख्या में लोग जुट गए. ग्रामीणों ने रातू थाना पुलिस को इसकी सूचना दी.
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों भाइयों के बीच पैतृक जमीन और संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. मंगलवार को इसी विवाद को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर जयनाथ उरांव ने पास में रखे फावड़े से भिखाराम उरांव पर हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
सूचना मिलने के बाद रातू थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की. पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया. मृतक के घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है.
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद से आरोपी जयनाथ उरांव फरार है. उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने परिजनों और स्थानीय लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली है. मामले में प्राथमिकी दर्ज करने और आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है.
–
एसएनसी/डीकेपी