
लखनऊ, 23 मई . पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) ने शनिवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 68वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया है. पीबीकेएस के लिए यह ‘करो या मरो’ का मैच है, जिसमें उसे प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी.
भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में टॉस जीतने के बाद पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, “हम पहले गेंदबाजी करेंगे. टीम में दो बदलाव हैं- मार्को और वैशाख प्लेइंग इलेवन में आए हैं. हम काफी उत्साहित हैं. यह हमारे लिए ‘करो या मरो’ वाला मैच है. हम पहले कभी ऐसी स्थिति में नहीं रहे हैं. हमारे खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.”
अर्जुन तेंदुलकर इस सीजन अपना पहला और इकलौता मैच खेलने जा रहे हैं. लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने कहा, “टॉस जीतकर हम भी पहले गेंदबाजी ही चुनते. यह विकेट क्रिकेट के लिए बहुत अच्छा है, चाहे गेंदबाजी हो या बल्लेबाजी. यह बल्लेबाजी के लिए सबसे अच्छे विकेटों में से एक है. यह एक हाई-स्कोरिंग मैच हो सकता है. टीम में दो बदलाव हैं – अर्जुन (तेंदुलकर) और अर्शिन कुलकर्णी टीम में आए हैं. यह सीजन हमारे लिए काफी मुश्किल रहा है, लेकिन साथ ही, हमें बहुत कुछ सीखने को भी मिला. बतौर टीम और व्यक्तिगत तौर पर भी. मैं अपने फैंस से माफी मांगना चाहूंगा, वे यूपी से यहां आए हैं. हमारे लिए यह सफर काफी मुश्किल रहा है, लेकिन आज हम अपना शत प्रतिशत देंगे.”
पंजाब किंग्स ने इस सीजन 13 में से 6 मुकाबले जीते और इतने ही गंवाए हैं. इसके अलावा, एक मुकाबला बेनतीजा भी रहा. 13 अंकों के साथ यह टीम प्वाइंट्स टेबल में पांचवें पायदान पर है. वहीं, लखनऊ सुपर जायंट्स पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर है. इस टीम ने 13 में से 9 मैच गंवा दिए हैं. महज 8 अंकों के साथ यह टीम प्वाइंट्स टेबल में सबसे निचले पायदान पर है.
लखनऊ सुपर जाइंट्स की प्लेइंग इलेवन: जोश इंगलिस, अर्शिन कुलकर्णी, निकोलस पूरन, आयुष बडोनी, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, अर्जुन तेंदुलकर, मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और मोहसिन खान.
पंजाब किंग्स की प्लेइंग इलेवन: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), सूर्यांश शेडगे, शशांक सिंह, अजमतुल्लाह उमरजई, मार्को जानसेन, विजयकुमार विशाक, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल.
–
आरएसजी