
एवियन (फ्रांस), 17 जून . अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की. उन्होंने पीएम मोदी को दुनिया के सबसे मजबूत और कड़क बातचीत करने वाले नेताओं में से एक बताया. ट्रंप ने कहा कि उनके नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर आगे भी बड़ी भूमिका निभाता रहेगा.
फ्रांस में जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए ट्रंप ने बार-बार भारतीय प्रधानमंत्री के साथ अपने व्यक्तिगत रिश्तों और भारत-अमेरिका संबंधों की मजबूती का जिक्र किया.
ट्रंप ने कहा कि हमारी भारत के प्रधानमंत्री मोदी के साथ बहुत अच्छी बातचीत हुई. अमेरिका और भारत के बीच बहुत सी अच्छी चीजें हो रही हैं.
जब उनसे दोनों देशों के बीच चल रही व्यापार वार्ताओं के बारे में पूछा गया, तो ट्रंप ने पीएम मोदी की बातचीत करने की क्षमता की तारीफ की और संकेत दिया कि दोनों देशों के बीच व्यापार समझौता जल्द हो सकता है. उन्होंने कहा, “हम बहुत करीब हैं.”
ट्रंप ने कहा, “पीएम मोदी बहुत सख्त बातचीत करने वाले नेता हैं. सच कहूं तो वे दुनिया के सबसे कड़े वार्ताकारों में से एक हैं.”
इसके बाद ट्रंप ने पीएम मोदी के बारे में एक दिलचस्प टिप्पणी की. उन्होंने कहा, “आप इन्हें देखिए. ये एक फरिश्ते की तरह हैं, बहुत अच्छे इंसान हैं.”
ट्रंप ने कहा, “असल में ये बहुत मजबूत और सख्त इंसान हैं. वह आपको चौंका देते हैं. उनका शांत और सरल व्यक्तित्व कई बार लोगों को गलतफहमी में डाल देता है. मैं कहता हूं कि वे बहुत सख्त हैं. बातचीत में वे बेहद मजबूत हैं.”
अमेरिकी राष्ट्रपति ने पीएम मोदी की भारत और भारत-अमेरिका संबंधों के प्रति प्रतिबद्धता की भी सराहना की. ट्रंप ने कहा कि वे भारतीय लोगों से प्यार करते हैं, लेकिन अमेरिका से भी प्यार करते हैं.
उन्होंने ह्यूस्टन में हुए ‘हाउडी मोदी’ कार्यक्रम और अपने पहले कार्यकाल के दौरान भारत यात्रा को भी याद किया. ट्रंप ने कहा कि भारत में हमारा समय बहुत शानदार रहा. उन्होंने उस बड़े स्टेडियम कार्यक्रम का जिक्र किया, जिसमें दोनों नेताओं ने एक साथ हिस्सा लिया था और जहां भारी संख्या में लोग मौजूद थे.
जब उनसे पूछा गया कि क्या हाल की कूटनीतिक घटनाओं के बाद पश्चिम एशिया में भारत की भूमिका और बढ़ेगी, तो ट्रंप ने कहा कि भारत का प्रभाव लगातार बढ़ता रहेगा. मुझे ऐसा ही लगता है. भारत हर बड़े मुद्दे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. जब तक पीएम मोदी हैं, भारत दुनिया में बड़ी भूमिका निभाता रहेगा.
भारत में हाल की कुछ अमेरिकी नीतियों को लेकर उठी चिंताओं पर पूछे गए सवाल के जवाब में ट्रंप ने दोनों देशों के रिश्तों को लेकर भरोसा दिलाया. उन्होंने कहा कि जब तक मैं राष्ट्रपति हूं, भारत का व्हाइट हाउस में एक अच्छा दोस्त रहेगा. वे भारत से प्यार करते हैं और पीएम मोदी का बहुत सम्मान करते हैं.
ट्रंप ने दोनों देशों के रिश्तों के बारे में भी गर्मजोशी से बात की. उन्होंने कहा कि भारत हमारे साथ जो करना चाहे कर सकता है. हमारे संबंध सबसे बेहतरीन हैं.
वहीं, पीएम मोदी ने कहा कि वॉशिंगटन में पिछली मुलाकात के बाद दोनों देशों के संबंधों को नई गति मिली है. पिछले साल वॉशिंगटन में हमारी बेहद सफल बैठक हुई थी और उसके बाद हमने अपने रिश्तों को नई रफ्तार और नई ऊर्जा दी है. हाल के वर्षों में भारत और अमेरिका ने रक्षा, व्यापार, तकनीक, ऊर्जा और रणनीतिक मामलों सहित कई क्षेत्रों में सहयोग को काफी बढ़ाया है.
–
एवाई/एबीएम