
प्राग, 17 नवंबर . भारत और चेक गणराज्य (चेक रिपब्लिक) ने दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को और मजबूत बनाने के तरीकों पर चर्चा की. बातचीत का मुख्य फोकस सैन्य आदान-प्रदान, रक्षा शिक्षा, प्रशिक्षण और रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल तथा परमाणु (सीबीआरएन) रक्षा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर रहा.
यह चर्चा भारतीय सेना प्रमुख (सीओएएस) जनरल धीरज सेठ और चेक गणराज्य के ब्रनो स्थित डिफेंस यूनिवर्सिटी के रेक्टर-कमांडर ब्रिगेडियर जनरल जान फार्लिक के बीच हुई. इसके अलावा चेक गणराज्य के संयुक्त केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल एंड न्यूक्लियर डिफेंस सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के ऑपरेशंस सपोर्ट विभाग के निदेशक कर्नल जारोस्लाव राइबाक भी वार्ता में शामिल रहे.
भारतीय सेना ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “इन बैठकों में द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को मजबूत बनाने, पेशेवर सैन्य आदान-प्रदान बढ़ाने और रक्षा शिक्षा, प्रशिक्षण और सीबीआरएन रक्षा के क्षेत्र में सहयोग की नई संभावनाओं पर चर्चा हुई. यह यात्रा भारत और चेक गणराज्य की रक्षा संबंधों को और आगे बढ़ाने तथा सैन्य सहयोग मजबूत करने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है.”
जनरल धीरज सेठ 16 से 19 नवंबर तक की आधिकारिक यात्रा पर सोमवार को प्राग पहुंचे थे. प्राग पहुंचने के बाद चेक गणराज्य में भारत के राजदूत रवीश कुमार ने उन्हें दोनों देशों के संबंधों पर एक विस्तृत जानकारी दी. इसमें रक्षा सहयोग और औद्योगिक साझेदारी से जुड़ी प्रगति पर भी चर्चा की गई.
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, “इस यात्रा का उद्देश्य भारत और चेक गणराज्य के बीच रक्षा सहयोग को और मजबूत करना, दोनों देशों की सेनाओं के बीच सीधे संपर्क बढ़ाना और रक्षा तकनीक तथा रक्षा उद्योग में सहयोग के नए अवसर तलाशना है.”
अपने दौरे के दौरान जनरल धीरज सेठ चेक सशस्त्र बलों के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे. इनमें लेफ्टिनेंट जनरल पेट्र सेपेलका, जो जनरल स्टाफ के प्रथम उप प्रमुख और रक्षा उप प्रमुख हैं भी शामिल हैं.
जनरल सेठ जनरल स्टाफ मुख्यालय में शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए आयोजित पुष्पांजलि समारोह में भी हिस्सा लेंगे. इसके अलावा वह चेक गणराज्य के रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे. इन बैठकों में सैन्य सहयोग, प्रशिक्षण, सेना के आधुनिकीकरण और उभरती सुरक्षा चुनौतियों जैसे साझा हितों के मुद्दों पर चर्चा होगी.
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यह यात्रा भारत और चेक गणराज्य की उस साझा सोच को दर्शाती है, जिसके तहत दोनों देश लगातार सैन्य संवाद, पेशेवर आदान-प्रदान और औद्योगिक साझेदारी के जरिए अपने रक्षा संबंधों को और मजबूत करना चाहते हैं.
–
एवाई/डीकेपी