भारत को मिली ‘विमेंस चैंपियंस ट्रॉफी 2027’ की मेजबानी, आखिर क्यों श्रीलंका ने ‘गंवाया’ हाथ आया मौका?

नई दिल्ली, 2 सितंबर . पहली आईसीसी विमेंस चैंपियंस ट्रॉफी अगले साल 14-28 फरवरी के बीच खेली जाएगी, जिसकी मेजबानी अब भारत को मिल गई है. इसके पीछे की वजह श्रीलंका को मेजबानी से हटाया जाना है, क्योंकि वहां के क्रिकेट बोर्ड में सरकारी दखल के बाद प्रशासनिक सुधारों की प्रक्रिया जारी है.

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने एक बयान में कहा कि 6 टीमों वाला यह टूर्नामेंट अब दो वेन्यू पर खेला जाएगा, जिनमें क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया (मुंबई) और इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम (वडोदरा) शामिल हैं. दिलचस्प बात यह है कि नवी मुंबई का डीवाई पाटिल स्टेडियम इस प्रतियोगिता के लिए नहीं चुना गया, जहां भारत ने विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 का खिताब अपने नाम किया था.

आईसीसी ने कहा, “यह टूर्नामेंट पहले श्रीलंका में होना था, लेकिन अब यह भारत में होगा, क्योंकि श्रीलंका क्रिकेट जुलाई में आईसीसी के सालाना सम्मेलन में तय किए गए जरूरी सुधार कर रहा है.”

श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) का कामकाज अभी एक अंतरिम ‘ट्रांसफॉर्मेशन कमेटी’ (बदलाव समिति) की देखरेख में जारी है. इस कमेटी को श्रीलंकाई सरकार ने संवैधानिक और प्रशासनिक बदलाव करने के लिए बनाया है. चूंकि, आईसीसी राजनीतिक दखल को सख्ती से मना करता है और सरकार की ओर से नियुक्त संस्थाओं को मान्यता नहीं देता, इसलिए इस कमेटी के बनने के बाद से एसएलसी के प्रतिनिधियों को आईसीसी बोर्ड की बैठकों में शामिल होने से रोक दिया गया है.

आईसीसी ने यह भी बताया कि भारत को मेजबान के तौर पर चुनने से पहले एक मूल्यांकन प्रक्रिया अपनाई गई, जिसमें बांग्लादेश और साउथ अफ्रीका के प्रस्तावों पर भी विचार किया गया था. इस फैसले को बुधवार को आईसीसी बोर्ड ने मंजूरी दी.

उन्होंने कहा, “आईसीसी महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 महिला क्रिकेट के लिए एक रोमांचक नया अध्याय है. टूर्नामेंट के पहले संस्करण के तौर पर, यह दुनिया की बेहतरीन टीमों को एक जबरदस्त और हाई-क्वालिटी प्रतियोगिता में एक साथ लाएगा. साथ ही, यह टीमों को रैंकिंग में ऊपर चढ़ने और ग्लोबल स्टेज पर जगह बनाने के लिए और ज्यादा प्रेरित करेगा.”

आईसीसी चेयरमैन ने कहा, “अब हर साल आईसीसी का कोई न कोई बड़ा महिला टूर्नामेंट होने से, हमारे पास विमेंस क्रिकेट, इसकी खिलाड़ियों और दुनिया भर में इसके फैंस के लिए बेहतर गति बनाने, ज्यादा निरंतरता लाने और एक मजबूत लय बनाने का एक बड़ा मौका है.”

विमेंस चैंपियंस ट्रॉफी 2027 के लिए क्वालीफाई करने वाली 6 टीमों में ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, भारत, न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका और श्रीलंका राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में खेलेंगी. इनमें से टॉप-2 टीमें 28 फरवरी को होने वाले फाइनल में पहुंचेंगी. ये छह टीमें 6 जुलाई की क्वालिफिकेशन कट-ऑफ तारीख पर आईसीसी विमेंस टी20 टीम रैंकिंग में अपनी पोजीशन के आधार पर चुनी गई हैं. विमेंस चैंपियंस ट्रॉफी के लिए मुकाबलों का पूरा शेड्यूल बाद में जारी किया जाएगा.

आरएसजी