
रामपुर, 18 सितंबर . प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को भारतीय जनता पार्टी सेवा दिवस के रूप में मना रही है. इस मौके पर भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने पीएम मोदी के 25 साल के सुशासन के सफर को कांटों का ताज बताया तो वहीं राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने अमृतसर में दिव्यांग बच्चों के साथ खास अंदाज में जश्न मनाया, जहां नेत्रहीन बच्चों ने दीये जलाकर पीएम को बधाई दी.
भारतीय जनता पार्टी के नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को हम सेवा दिवस के रूप में मना रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक ऐसी शख्सियत हैं, जिन्होंने चाहे बाहरी मुश्किलों का सामना किया हो या अंदरूनी चुनौतियों का, उन पर जीत हासिल की है और गवर्नेंस और सबको साथ लेकर चलने वाले एम्पावरमेंट के ग्लोबल ब्रांड के तौर पर उभरे हैं.”
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के सुशासन और समावेशी सशक्तिकरण का वैश्विक ब्रांड संयोग से नहीं, बल्कि एक सोची-समझी पसंद का नतीजा है. ये उनकी तपस्या और परिश्रम का परिणाम भी है. आज पूरी दुनिया संकट और आर्थिक तंगी के दौर से गुजर रही है. युद्ध की विभीषिका को झेल रही है, ऐसे हालात में भी भारत और इसकी अर्थव्यवस्था को सुरक्षित रखना पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की शक्ति का नतीजा है.
मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि 25 साल उनके सुशासन के रहे हैं. उनके सुशासन का सफल सफर फूलों की सेज नहीं, बल्कि कांटों का ताज रहा है. जितना वो राजनीतिक असहिष्णुता के शिकार रहे हैं, उतना कोई भी नहीं रहा है. इसलिए पीएम मोदी का वैश्विक ब्रांड सुशासन, स्थिरता और बदलाव का बना है. वो देश जो भारत को फूटी आंख भी नहीं देखते थे, वो भी इस बात को कहने लगे हैं कि प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात को साबित कर दिया कि लोकतंत्र सबकुछ कर सकता है.
भाजपा के राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने कहा, “आज अमृतसर में नेत्रहीन बच्चों के स्कूल में, दिव्यांग बच्चों ने दीये जलाकर प्रधानमंत्री मोदी को आशीर्वाद दिया है. पीएम मोदी, आपने हमें ‘दिव्यांग’ शब्द दिया, आपने हमें सम्मान दिया. आपने देश का नाम रोशन किया है और देश की तरक्की में मदद की है. ये बच्चे, जो देख नहीं सकते, प्रधानमंत्री मोदी को आशीर्वाद देने के लिए दीये जला रहे हैं. मैं बहुत भावुक हूं. जो देख नहीं सकते, वे भी दीये जला रहे हैं और प्रधानमंत्री मोदी को आशीर्वाद दे रहे हैं.”
–
केके/डीकेपी