भारत-पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन के रिश्ते आपस में बहुत अच्छे हैं, वो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के लिए टीम भेजेंगे: भोलानाथ सिंह

मोहाली, 14 सितंबर . मेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का आगाज 27 अक्टूबर से होना है और टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 5 नवंबर को खेला जाएगा. हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने बताया है कि इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन अपनी टीम भेजने के लिए तैयार है.

महासचिव भोलानाथ ने ‘ ’ के साथ बात करते हुए कहा, “नहीं, अभी तक ऐसा कुछ नहीं है. मैं आपको क्लियर बताना चाहता हूं कि पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन के प्रेसिडेंट और उनके सभी अधिकारियों से मेरी बात हुई है. निजी तौर पर भारत और पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन के रिश्ते बहुत अच्छे हैं. हम लोग आपस में बात करते हैं और वो लोग टीम भेजने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं.”

इस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला 1 नवंबर को खेला जाना है. इस मुकाबले पर बात करते हुए हॉकी इंडिया के महासचिव ने कहा, “देखिए, इससे पहले भी पाकिस्तान की टीम भारत में आकर कई बार खेल चुकी है. उनके लिए कोई विशेष तैयारी नहीं की गई है, जो तैयारी बाकी टीमों के लिए की गई है वही उनके लिए भी है. हम हर टीम के लिए शानदार तैयारी करते हैं और मेरे लिए सभी टीमें बराबर हैं.”

उन्होंने आगे कहा, “हां, भारत और पाकिस्तान मैच को लेकर एक अलग उत्साह और दर्शकों में उमंग होता है. दोनों टीमों के बीच जब मुकाबला होता है, तो जोश अलग होता है और वही जोश आपको पंजाब की धरती पर देखने को मिलेगा. भारत सरकार की तरफ से यह निर्देश है कि आधिकारिक टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए कोई भी आ या जा सकती है. एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में जो बेस्ट टीमें होती हैं वही हिस्सा लेती हैं और हम उन्हें एशियन हॉकी फेडरेशन के माध्यम से बुलाते हैं.”

एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी पंजाब को मिलने पर महासचिव ने खुशी जाहिर की. उन्होंने कहा कि देश के ज्यादातर हॉकी खिलाड़ी पंजाब से निकले हैं. उन्होंने कहा कि हर खिलाड़ी का सपना होता है कि वह इंटरनेशनल टूर्नामेंट अपनी धरती पर भी खेले. भोलानाथ सिंह के अनुसार, पंजाब के खिलाड़ियों का सपना इस बार साकार होने जा रहा है और इसके लिए वह सरकार को बधाई देना चाहते हैं.

एसएम/पीएम