लंदन में भारत विरोधी गतिविधियों पर भारतीय प्रवासी संगठनों ने जताई चिंता, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को लिखा पत्र

नई द‍िल्‍ली, 9 नवंबर . लंदन में 16-17 अक्टूबर को हुई भारत-विरोधी गतिविधियों को लेकर यूनाइटेड किंगडम (ब्रिटेन) में रह रहे 50 भारतीय प्रवासी संगठनों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को पत्र लिखकर चिंता जताई. संगठनों ने राजनीतिक समूहों और अलगाववादी नेटवर्क के बीच मिलीभगत के आरोपों की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.

इस पत्र में 50 भारतीय प्रवासी और सामुदायिक संगठनों ने संयुक्त रूप से लंदन में हुई कथित भारत-विरोधी गतिविधियों और प्रदर्शनों को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की. पत्र में कहा गया है कि कुछ अभियान भारत की लोकतांत्रिक संस्थाओं, संवैधानिक व्यवस्था और राष्ट्रीय हितों को निशाना बनाने की कोशिश कर रहे हैं.

संगठनों ने पत्र में मांगें उठाते हुए कहा क‍ि राजनीतिक समूहों और कथित चरमपंथी या अलगाववादी नेटवर्क के बीच किसी प्रकार के समन्वय के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए. साथ ही भारत और यूनाइटेड किंगडम के बीच इस मुद्दे पर उचित कूटनीतिक स्तर पर बातचीत हो. जहां कहीं भी गैरकानूनी गतिविधियों, डराने-धमकाने या हिंसा के लिए उकसाने के सबूत मिलें, वहां संबंधित अधिकारी उचित कार्रवाई करें. इसके अलावा लोकतांत्रिक तरीके से असहमति जताने के अधिकार का सम्मान करते हुए भारत की संप्रभुता और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा की जाए.

पत्र में कहा गया है कि यह संयुक्त प्रतिनिधित्व ब्रिटेन में स्थित 50 भारतीय प्रवासी संगठनों की चिंताओं को दर्शाता है. ये सभी संगठन भारत की संप्रभुता, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता रखते हैं.

इन संगठनों ने राष्ट्रपति से अनुरोध किया है कि वे इस मामले का संज्ञान लें और संबंधित अधिकारियों की ओर से इसकी उचित जांच और समीक्षा सुनिश्चित करने में मदद करें.

संगठनों ने मीडिया संस्थानों से भी जानकारी लोगों तक पहंचाने की अपील की. इसके साथ ही उन्होंने बताया कि संयुक्त खुला पत्र और इसे समर्थन देने वाले सभी 50 संगठनों की सूची भी साझा की गई है.

–

एवाई/डीकेपी