विश्व योगासन चैंपियनशिप: पांच स्वर्ण पदक के साथ भारत की शानदार शुरुआत

अहमदाबाद, 5 जून . मेजबान भारत ने गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित प्रथम विश्व योगासन चैंपियनशिप की शानदार शुरुआत की है और पहले 6 में से 5 स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिए हैं.

पश्चिम बंगाल के अभय बर्मन (सीनियर पुरुष) और रितु मंडल (सीनियर महिला) ने पारंपरिक योगासन श्रेणी में स्वर्ण पदक जीता. बर्मन ने 63.42 स्कोर के साथ विश्व योगासन चैंपियनशिप में देश को पहला स्वर्ण पदक दिलाया. इंडोनेशिया के अर्कान रियांतो (57.23) ने रजत और उज्बेकिस्तान के एलन ने 53.21 अंक के साथ कांस्य पदक जीता.

रितु मंडल ने सीनियर महिला श्रेणी में देश के लिए एक और स्वर्ण पदक जीता. उन्होंने 64.33 स्कोर के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया. कजाकिस्तान की ऐजान कुआनिशबायेवा (58.97) ने रजत और हांगकांग की लैम नगा मान (56.98) ने कांस्य पदक जीता.

स्वर्ण पदक जीतने के बाद बर्मन ने कहा, “भारत के लिए पहली विश्व योगासन चैंपियनशिप में पहला स्वर्ण पदक जीतना एक ऐसा पल है जिसे मैं हमेशा याद रखूंगा. इतने जोशीले समर्थकों के सामने अपने देश में मुकाबला करने से मुझे बहुत आत्मविश्वास मिला. मुझे इस ऐतिहासिक आयोजन में भारत की मजबूत शुरुआत में योगदान देने पर गर्व है.”

रितु ने स्वर्ण पदक जीतने के बाद कहा, “यह चैंपियनशिप हर योगासन एथलीट के लिए एक यादगार पल है. भारत के लिए पदक जीतना एक सपने के सच होने जैसा है. मैंने 12 साल की उम्र में प्रशिक्षण शुरू किया था. आठ साल की कड़ी मेहनत के बाद इस उपलब्धि को हासिल करना बेहद खास है. मैं अपने कोच, मैनेजर और पूरी टीम को इस पूरे सफर में मेरा मार्गदर्शन करने और मेरा साथ देने के लिए धन्यवाद देना चाहती हूं.”

भारत सीनियर ए पुरुष श्रेणी में स्वर्ण पदक नहीं जीत पाया. यह एकमात्र ऐसा इवेंट रहा जिसमें भारत को स्वर्ण नहीं मिला.

सिंगापुर के नैथेनियल टैन लिओंग एन ने 55.37 अंक के साथ स्वर्ण, तंजानिया के करीमू स्वाफी ने 54.99 अंक के साथ रजत और भारत के सुमीर गनावली ने 54.00 अंक के साथ कांस्य पदक जीता.

रितु ठाकुर ने सीनियर ए महिला श्रेणी में 63.50 अंक के साथ स्वर्ण, अर्जेंटीना की नबीला सोल बाराजा (62.04) ने रजत, और केन्या की अवुओर सौलिन्हा ने कांस्य पदक जीता. रोशन थापा ने सीनियर बी पुरुष श्रेणी में 65.67 अंक के स्कोर के साथ स्वर्ण, बांग्लादेश के मोहम्मद मामून खान बाबू (58.57) ने रजत, और किर्गिस्तान के डेनिल रायकोव (53.55) ने कांस्य पदक जीता.

मेजबान टीम की तरफ से ज्योति देउरकर ने ट्विस्टिंग बॉडी व्यक्तिगत सीनियर बी महिला श्रेणी में स्वर्ण पदक जीता. उन्होंने ओमान की ओलिमुथु नवमणि और जापान की साओरी क्यूई को पीछे छोड़ते हुए 46.14 अंक हासिल किए. नवमणि (38.66) को रजत और साओरी क्यूई (38.41) को कांस्य पदक मिला.

विश्व योगासन चैंपियनशिप 2026 को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, आयुष मंत्रालय, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई), स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ गुजरात, गुजरात पर्यटन और गुजरात योगासन खेल एसोसिएशन का समर्थन है. यह योगासन को एक वैश्विक खेल के तौर पर स्थापित करने और इसके ओलंपिक सपनों को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर की गई प्रतिबद्धता को दिखाता है. मेजबान भारत की तरफ से चैंपियनशिप में 122 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं. इसमें एथलीट छह उम्र श्रेणी– सब-जूनियर पुरुष और महिला (10-14 साल), जूनियर पुरुष और महिला (14-18 साल), सीनियर (18-28 साल), सीनियर ए (28-35 साल), सीनियर बी (35-45 साल) और सीनियर सी (45-55 साल) में हिस्सा ले रहे हैं.

विश्व योगासन चैंपियनशिप 2026 का आयोजन 4 से 8 जून तक होना है.

पीएके