
गुवाहाटी, 7 सितंबर . देश की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो ने पूर्वोत्तर भारत से अपनी पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा शुरू करने की घोषणा की है. एयरलाइन 27 अक्टूबर 2026 से गुवाहाटी और बैंकॉक के बीच नॉन-स्टॉप द्वि-साप्ताहिक (सप्ताह में दो दिन) उड़ानें संचालित करेगी.
यह सेवा इंडिगो के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है, क्योंकि इसके साथ ही गुवाहाटी से एयरलाइन की अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू हो जाएंगी. साथ ही यह पूर्वोत्तर भारत से सीधे अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की शुरुआत भी होगी.
इंडिगो ने बताया कि नई उड़ान सेवा से पूर्वोत्तर भारत और थाईलैंड के बीच पर्यटन, व्यापार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा. इसके अलावा, गुवाहाटी को दक्षिण-पूर्व एशिया के लिए एक उभरते अंतरराष्ट्रीय प्रवेश द्वार के रूप में मजबूती मिलेगी.
एयरलाइन के अनुसार, गुवाहाटी उसके विकास की यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है. वर्ष 2006 में इंडिगो की शुरुआती उड़ानों में दिल्ली-गुवाहाटी-इंफाल रूट भी शामिल था. अब इसी शहर से अंतरराष्ट्रीय परिचालन शुरू करना क्षेत्र के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है.
इंडिगो का कहना है कि सीधी उड़ान शुरू होने से यात्रियों का समय बचेगा और पूर्वोत्तर भारत में विदेशी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है. इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन उद्योग को भी लाभ मिलेगा.
थाईलैंड भारतीय यात्रियों के बीच सबसे लोकप्रिय विदेशी पर्यटन स्थलों में से एक है. वर्तमान में इंडिगो बेंगलुरु, भुवनेश्वर, चेन्नई, दिल्ली, हैदराबाद, कोलकाता और मुंबई से बैंकॉक के लिए उड़ानें संचालित करती है. इसके अलावा एयरलाइन बेंगलुरु, दिल्ली, कोलकाता और मुंबई से फुकेत तथा दिल्ली से क्राबी के लिए भी सीधी सेवाएं उपलब्ध करा रही है.
इंडिगो 26 अक्टूबर 2026 से गया और बैंकॉक के बीच भी सीधी उड़ान सेवा शुरू करने जा रही है, जिससे बौद्ध धर्म के प्रमुख तीर्थस्थल गया और थाईलैंड के बीच हवाई संपर्क मजबूत होगा.
27 अक्टूबर 2026 को विशेष उद्घाटन उड़ान शुरू की जाएगी. बैंकॉक से गुवाहाटी (6ई 1086): सुबह 8:50 बजे प्रस्थान, 10:25 बजे आगमन और गुवाहाटी से बैंकॉक (6ई 1085): शाम 6:15 बजे प्रस्थान, रात 10:45 बजे आगमन होगा.
इसके बाद 31 अक्टूबर 2026 से नियमित संचालन किया जाएगा, जिसमें बैंकॉक से गुवाहाटी (6ई 1086): बुधवार एवं शनिवार और गुवाहाटी से बैंकॉक (6ई 1085): बुधवार एवं शनिवार को इंडिगो की फ्लाइट उड़ान भरेगी.
एयरलाइन ने बताया कि यात्री इंडिगो की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल एप्लिकेशन और अधिकृत ट्रैवल पार्टनर्स के माध्यम से टिकट बुक कर सकते हैं.
–
एएमटी/डीकेपी