आईएनएस त्रिशूल का मिस्र दौरा, समुद्री सुरक्षा व साझेदारी को दी मजबूती

नई दिल्ली, 11 नवंबर . भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस त्रिशूल ने अपने ऑपरेशनल तैनाती अभियान के तहत मिस्र के सफागा नौसैनिक अड्डे का दौरा किया है. भारतीय नौसेना के युद्धपोत यह पड़ाव पूरा कर के अपने अगले पड़ाव के लिए प्रस्थान कर चुका है.

इस दौरान दोनों देशों की नौसेनाओं के अधिकारियों और जवानों ने समुद्री सुरक्षा, परिचालन अनुभव और संयुक्त प्रशिक्षण से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान किया. इस यात्रा ने भारत और मिस्र के बीच पहले से मजबूत रक्षा एवं समुद्री साझेदारी को और आगे बढ़ाया. सफागा में ठहराव के दौरान आईएनएस त्रिशूल के कमांडिंग ऑफिसर ने मिस्र के लाल सागर नौसैनिक अड्डे के कमांडर रियर एडमिरल एमडी अब्देल मकसूद से मुलाकात की. दोनों अधिकारियों के बीच स्वेज की खाड़ी में समुद्री सुरक्षा और लाल सागर के सामरिक महत्व पर चर्चा हुई.

इस दौरान क्षेत्र में समुद्री गतिविधियों और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी विचार साझा किए गए. आईएनएस त्रिशूल के चालक दल ने मिस्र के नौसैनिक जहाज ईएनएस पोर्ट सईद का भी दौरा किया. इस दौरान भारतीय नौसैनिकों को मिस्र के इस युद्धपोत की परिचालन क्षमताओं और मिस्र की नौसेना की कार्यप्रणाली को करीब से समझने का अवसर मिला. दोनों देशों के नौसैनिकों ने एक-दूसरे के अनुभवों और बेहतर कार्यप्रणालियों की जानकारी भी साझा की.

इस यात्रा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा भारतीय और मिस्र की नौसेनाओं के कर्मियों के बीच आपसी संवाद और संयुक्त गोताखोरी प्रशिक्षण रहा. इन गतिविधियों के जरिए दोनों देशों के जवानों को साथ प्रशिक्षण लेने, अपने परिचालन अनुभव साझा करने और एक-दूसरे की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिला. इस तरह के पेशेवर संवाद से दोनों नौसेनाओं के बीच तालमेल और आपसी विश्वास को मजबूत करने में मदद मिली.

आईएनएस त्रिशूल का यह दौरा ऐसे समय में हुआ है, जब भारत और मिस्र के बीच रक्षा सहयोग लगातार आगे बढ़ रहा है. अप्रैल 2026 में काहिरा में भारत-मिस्र संयुक्त रक्षा समिति की 11वीं बैठक आयोजित हुई थी. इस बैठक ने सितंबर 2022 में हुए रक्षा सहयोग समझौते के तहत तय प्रतिबद्धताओं को आगे बढ़ाने के लिए संस्थागत आधार प्रदान किया. वर्ष 2023 में दोनों देशों के संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया गया था.

सफागा में हुई नौसैनिक गतिविधियां इसी बढ़ते रक्षा सहयोग की एक महत्वपूर्ण कड़ी रहीं. आईएनएस त्रिशूल की यह यात्रा भारत और मिस्र के लंबे समय से चले आ रहे रक्षा संबंधों तथा समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है. सभी निर्धारित गतिविधियां पूरी करने के बाद युद्धपोत अपनी परिचालन तैनाती के अगले चरण के लिए रवाना हो गया.

–

जीसीबी/एएमटी