गुना : ट्रेनों में चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गैंग का भंडाफोड़, 9 आरोपी गिरफ्तार, 15 लाख के सोने के आभूषण बरामद

गुना, 14 जुलाई . मध्य प्रदेश के गुना में जीआरपी ने रेल यात्रियों की सुरक्षा के लिए बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेनों में चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने गिरोह के 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 15 लाख रुपए मूल्य के लगभग 100 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए हैं.

गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश के हाथरस, अलीगढ़, एटा, फिरोजाबाद, मथुरा, आगरा और कासगंज सहित विभिन्न जिलों के रहने वाले हैं.

जीआरपी गुना के अनुसार, 13 जून को अशोकनगर जिले के ग्राम नरखेड़ा निवासी आविद खान अपने परिवार के साथ मुंगावली स्टेशन से बीना-ग्वालियर पैसेंजर ट्रेन में सफर कर रहे थे. यात्रा के दौरान अज्ञात बदमाशों ने उनके ट्रॉली बैग की चेन खोलकर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए. मामले में अपराध दर्ज कर विशेष एसआईटी का गठन किया गया.

जांच के दौरान पुलिस ने गुना, अशोकनगर, शाढ़ौरा, बीना, शिवपुरी और ग्वालियर सहित कई रेलवे स्टेशनों के साथ-साथ होटलों और लॉजों की जांच की. करीब 250 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण करने के बाद गिरोह के सदस्यों की पहचान की गई. इसके बाद पुलिस टीमों ने उत्तर प्रदेश के कई शहरों में दबिश दी.

मुखबिर की सूचना पर गिरोह के सरगना राजकुमार सिंह यादव को म्याना से गिरफ्तार किया गया. उसकी निशानदेही पर गिरोह के अन्य सदस्यों को भी पकड़ लिया गया.

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सोने का हार, पेंडल सहित सोने की चेन, दो प्लेन चेन, चार कंगन, दो अंगूठियां समेत करीब 100 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए हैं, जिनकी कीमत लगभग 15 लाख रुपए बताई गई है. पूछताछ में आरोपियों ने कुछ आभूषण उत्तर प्रदेश के हाथरस में बेचने की बात स्वीकार की है. पुलिस उनकी बरामदगी के प्रयास कर रही है.

जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह के दो आरोपियों ने पहले ग्वालियर-बीना पैसेंजर ट्रेन में एक महिला का पर्स चोरी करने की वारदात भी कबूल की है. उनकी निशानदेही पर करीब 25 हजार रुपए कीमत का मंगलसूत्र और सोने के मोती बरामद किए गए.

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह गिरोह मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों के पास बैठकर उनके बैग की चेन खोलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था. आरोपियों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं.

इसी बीच जीआरपी गुना ने रेलवे स्टेशन क्षेत्र में हुई लूट की वारदात का भी खुलासा किया है. पुलिस ने इस मामले में शुभम वाल्मीकी और लाखन वाल्मीकी को गिरफ्तार किया है.

पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई को ग्राम रामगीर कला निवासी रबजीत यादव गुना आए थे. शराब दुकान पर रुपए निकालते समय दो युवकों ने उनकी नकदी देख ली. बाद में रेलवे स्टेशन के ओवरब्रिज के पास उन्हें रोककर 36 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए.

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने शराब दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. आरोपियों की पहचान होने पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ में उन्होंने वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि लूटी गई रकम आपस में बांट ली थी.

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18 हजार रुपए बरामद किए हैं, जबकि बाकी रकम शराब और जुए में खर्च करने की बात सामने आई है. दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया.

जीआरपी गुना ने बताया कि दोनों मामलों का खुलासा विशेष टीम, साइबर सेल और डिटेक्टिव टीम की संयुक्त कार्रवाई से हुआ है. पुलिस अब आरोपियों के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड और दूसरे राज्यों में दर्ज मामलों की भी जांच कर रही है.

एएमटी/एबीएम