अंकित बालियान हत्याकांड में कई एंगल से जांच जारी, जल्द होगा खुलासा: अमिताभ यश

लखनऊ, 27 अगस्त (आईएएनस). उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है. घटना को लेकर गैंग कनेक्शन की आशंका सामने आने के बाद एसटीएफ को भी जांच में लगाया गया है. यूपी के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने बताया कि पुलिस को घटनास्थल से जुड़े कई सीसीटीवी फुटेज मिले हैं, जिनका विश्लेषण किया जा रहा है.

अमिताभ यश ने को बताया कि अंकित बालियान मूल रूप से शामली के रहने वाले थे और पिछले कुछ समय में हरियाणवी और लोक गायन के क्षेत्र में उन्होंने अपनी पहचान बनाई थी. सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी-खासी मौजूदगी थी. पुलिस अधिकारी ने बताया कि 26 अगस्त की शाम उनकी हत्या की गई. वारदात को अंजाम देने के लिए हमलावरों ने अत्याधुनिक हथियारों का इस्तेमाल किया और घटनास्थल पर करीब 18 राउंड फायर किए गए. घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी सामने आया, जिसमें कथित तौर पर गोगी ग्रुप की ओर से हत्या की जिम्मेदारी लेने और सोनू शाहपुरिया द्वारा वारदात को अंजाम देने का दावा किया गया.

एडीजी अमिताभ यश ने कहा कि पोस्ट की ऑथेंटिसिटी की जांच की जा रही है और फिलहाल उसके संबंध में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है. सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया गया है कि अंकित बालियान का कथित तौर पर किसी प्रतिद्वंद्वी गैंग से संपर्क था. साथ ही, गोगी गैंग से जुड़े एक व्यक्ति की हत्या के संबंध में अंकित द्वारा किए गए कथित गायन को भी आपत्तिजनक मानने का दावा किया गया है.

उन्होंने कहा कि इस पहलू की जांच की जा रही है. अगर गैंग से जुड़ा कोण सामने आता है तो यह पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण मामला है. गैंग अक्सर अपने प्रभाव और प्रभाव क्षेत्र को बढ़ाने के लिए इस तरह की वारदातों को अंजाम देने की कोशिश करते हैं. अमिताभ यश ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए एसटीएफ के साथ स्थानीय पुलिस की टीमें भी काम कर रही हैं. घटनास्थल और आसपास के इलाकों से प्राप्त सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया जा रहा है. इसके अलावा कई टीमों द्वारा अलग-अलग स्तर पर सूचनाएं जुटाई जा रही हैं. पुलिस आसपास के राज्यों की पुलिस से भी सहयोग ले रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचने के लिए उपलब्ध सूचनाओं को जोड़ा जा सके.

जब अमिताभ यश से पूछा गया कि क्या पुलिस को आरोपियों के संबंध में कोई महत्वपूर्ण इनपुट मिला है, तो उन्होंने कहा कि इस स्तर पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. हालांकि उन्होंने भरोसा जताया कि पुलिस बहुत जल्द वारदात का खुलासा करेगी और इसमें शामिल लोगों की पहचान की जाएगी.

पीएसके