
जयपुर, 1 मई . राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने शुक्रवार को दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 43वें मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया है. आरआर की कोशिश सवाई मानसिंह स्टेडियम में जारी इस मैच को जीतकर प्वाइंट्स टेबल में दूसरा स्थान हासिल करने की होगी.
टॉस जीतने के बाद आरआर के कप्तान रियान पराग ने कहा, “हम पहले बल्लेबाजी करेंगे. यह जयपुर का आम विकेट नहीं है, इसमें थोड़ा सूखापन है और यह पैची दिख रहा है. उम्मीद है कि दूसरी पारी में यह स्लो हो जाएगा. बतौर टीम 228 रन चेज करने का अनुभव हमेशा काम आता है. हर कोई आगे बढ़कर जिम्मेदारी उठा रहा है. हमने अभी तक पूरे 40 ओवर का क्रिकेट नहीं खेला है, उम्मीद है कि आज हम पूरा दम दिखाएंगे. (रवि) बिश्नोई टीम में आए हैं और शुभम (दुबे) भी टीम में हैं.”
दूसरी तरफ, डीसी के कप्तान अक्षर पटेल ने कहा, “हमारी प्लेइंग इलेवन में 3 बदलाव हुए हैं. (मिचेल) स्टार्क खेल रहे हैं, (दुष्मंथा) चमीरा नहीं खेल रहे हैं. पथुम (निसांका) खेल रहे हैं, जिसका मतलब है कि डेविड मिलर बाहर बैठेंगे. अशोक शर्मा टीम में हैं. विकेट अच्छा दिख रहा है और हम चेज करने में खुश हैं. बेसिक्स पर वापस लौटना जरूरी है. चीजों को बदलने के लिए आपको वर्तमान में रहना होगा, सकारात्म चीजों पर ध्यान देना होगा.”
राजस्थान रॉयल्स ने इस सीजन 9 में से 6 मुकाबले जीते हैं. शुरुआती 4 मुकाबले जीतने के बाद यह टीम अगले पांच में से 3 मैच गंवा बैठी. फिलहाल आरआर प्वाइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर है. इस मुकाबले में जीत आरआर को प्वाइंट्स टेबल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद से ऊपर पहुंचा देगी.
दूसरी तरफ, दिल्ली कैपिटल्स 8 में से 5 मैच गंवाकर प्वाइंट्स टेबल में सातवें पायदान पर है. शुरुआती 2 मुकाबले जीतने के बाद डीसी ने अगले 6 में से 5 मैच गंवा दिए थे. कैपिटल्स एक बार फिर जीत की लय वापस हासिल करना चाहेगी.
दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग इलेवन: केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसांका, नितीश राणा, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल (कप्तान), आशुतोष शर्मा, काइल जैमीसन, मिचेल स्टार्क, कुलदीप यादव और टी नटराजन.
राजस्थान रॉयल्स की प्लेइंग इलेवन: यशस्वी जयसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), डोनोवन फरेरा, रवींद्र जड़ेजा, शुभम दुबे, जोफ्रा आर्चर, रवि बिश्नोई, नंद्रे बर्गर और ब्रजेश शर्मा.
–
आरएसजी