आईएसएल 2025-26: ईस्ट बंगाल ने ओडिशा एफसी को 3-0 से हराया

मडगांव (गोवा), 28 अप्रैल . इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2025-26 में ईस्ट बंगाल एफसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओडिशा एफसी को 3-0 से हराया. यह मुकाबला गोवा के मडगांव स्थित पीजेएन स्टेडियम में खेला गया. ईस्ट बंगाल की टीम शुरुआत से ही मैच में हावी नजर आई और उन्होंने ओडिशा एफसी को वापसी करने का कोई मौका नहीं दिया.

मैच की शुरुआत से ही ईस्ट बंगाल आक्रामक नजर आया. टीम ने तेज पासिंग और लगातार हमलों के जरिए ओडिशा के डिफेंस को दबाव में रखा. इसका फायदा उन्हें 11वें मिनट में मिला, जब बिपिन सिंह ने आसान गोल करके टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी. इस गोल में पीवी विष्णु और एडमंड लालरिंडिका की अहम भूमिका रही, जिन्होंने शानदार तालमेल दिखाया.

पहले हाफ में ईस्ट बंगाल ने गेंद पर ज्यादा कब्जा बनाए रखा और कई मौके बनाए. दूसरी ओर, ओडिशा एफसी ने काउंटर अटैक के जरिए वापसी की कोशिश की, लेकिन वे ज्यादा प्रभावी नहीं हो सके. रहीम अली ने जरूर कुछ अच्छे मूव बनाए, लेकिन गोल करने में सफल नहीं हुए. ईस्ट बंगाल के गोलकीपर प्रभसुखन गिल ने शानदार बचाव किया.

दूसरे हाफ में भी मैच का रुख ज्यादा नहीं बदला. ईस्ट बंगाल ने अपना दबदबा जारी रखा और ओडिशा की टीम गोल के लिए संघर्ष करती रही. 70वें मिनट में ईस्ट बंगाल ने अपनी बढ़त दोगुनी कर ली. यूसुफ एजेजारी ने मौके का फायदा उठाते हुए शानदार गोल दागा और बढ़त को 2-0 कर दिया.

इसके बाद 84वें मिनट में एजेजारी ने एक और गोल दागकर मैच पूरी तरह से ईस्ट बंगाल के पक्ष में कर दिया. इस गोल में बिपिन सिंह का अहम योगदान रहा, जिन्होंने एजेजारी को शानदार पास दिया. मैच के आखिरी मिनटों में ओडिशा एफसी ने वापसी की कोशिश की, लेकिन उनके प्रयास सफल नहीं हो सके. कप्तान कार्लोस डेलगाडो ने एक शानदार हेडर लगाया, लेकिन वह गोल में तब्दील नहीं हो सका. इस जीत के साथ ईस्ट बंगाल एफसी के 9 मैचों में 18 अंक हो गए हैं और टीम अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई है. वहीं, ओडिशा एफसी 6 अंकों के साथ निचले पायदान पर ही बनी हुई है.

एसएम/डीकेपी