बंगाल में कांग्रेस के लिए कुछ भी दावा करना गलत होगा: तारिक अनवर

नई दिल्ली, 30 अप्रैल . कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने बंगाल विधानसभा चुनाव के संपन्न होने के बाद आए एग्जिट पोल पर भरोसा करने से इनकार किया. उन्होंने कहा कि 4 मई को आने वाले चुनाव परिणाम का इंतजार करना चाहिए.

पश्चिम बंगाल के एग्जिट पोल्स पर कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने नई दिल्ली में से बातचीत में कहा कि मेरी राय में कांग्रेस को वहां से बहुत ज़्यादा उम्मीदें नहीं रखनी चाहिए. वहां का राजनीतिक माहौल ऐसा रहा कि यह भाजपा और टीएमसी के बीच सीधा मुकाबला था. चूंकि यह एक सीधी लड़ाई थी, इसलिए मुझे लगता है कि वहां हमारे लिए कोई भी दावा करना उचित नहीं होगा.

उन्होंने कहा कि मेरा एग्जिट पोल पर इतना विश्वास नहीं है क्योंकि हम लोगों ने देखा है अतीत में कई बार विधानसभा के चुनावों का परिणाम हों या 2024 के लोकसभा चुनाव हों, जो एग्जिट पोल आए वो सही साबित नहीं हुए.

केरल का जिक्र करते हुए कहा कि केरल के हालात अलग हैं क्योंकि केरल में वहां का राजनीतिक परिवेश पूरी तरह अलग है. वहां एक बार लेफ्ट फ्रंट आता है और दूसरी बार यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट की वापसी होती है.

भाजपा पर तंज कसते हुए कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी तो जिस दिन से सत्ता में आई है, उसका यही काम है- जगहों और संस्थाओं का नाम बदलना. खुद बना नहीं सकते, खुद कोई निर्माण नहीं कर सकते, तो जो बना-बनाया है, उसका नाम बदल दो, नामकरण कर दो. ये तो भारतीय जनता पार्टी का स्टाइल ऑफ वर्किंग है और यही काम करते हैं, राष्ट्रीय स्तर पर भी कर रहे हैं और राज्यों में भी कर रहे हैं.

वहीं, एग्जिट पोल पर शिवसेना (यूबीटी) नेता आनंद दुबे ने कहा एग्जिट पोल एक सपने जैसे होता है, कुछ समय के लिए लोग खुश हो जाते हैं. एग्जिट पोल परिणाम में बदल जाए, संभव नहीं होता है. लोकसभा 2024 का चुनाव भी आपने देखा है, भाजपा का क्या हाल हुआ था. असम में बराबर की लड़ाई नहीं हुई. असम को छोड़ दें तो बंगाल में टीएमसी के साथ भाजपा की कड़ी टक्कर है. भाजपा ने केंद्रीय बलों का पूरा इस्तेमाल किया. तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में भाजपा के हाथ कुछ भी नहीं मिलने वाला है. हम सभी को 4 मई को परिणाम का इंतजार करना चाहिए. 4 मई को सुबह 8 बजे से रूझान आने लगेंगे.

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र जिंदा रहना चाहिए, अच्छा चुनाव देखने को मिला है लेकिन अब परिणाम का इंतजार किया जाना चाहिए.

डीकेएम/पीएम