जैकी श्रॉफ ने किशोर कुमार की पुण्यतिथि पर उन्हें दी श्रद्धांजलि

मुंबई, 4 अगस्त . मध्य प्रदेश के खंडवा जिले से बॉलीवुड तक अपनी गायिकी और अभिनय से दर्शकों के दिलों में अपनी पहचान बनाने वाले किशोर कुमार की मंगलवार को पुण्यतिथि है.

इस अवसर उनके अभिनेता जैकी श्रॉफ ने उन्हें याद किया है. अभिनेता जैकी श्रॉफ ने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर एक वीडियो शेयर किया. इसमें उन्होंने लिखा, “किशोर कुमार की पुण्यतिथि पर हम सभी उनको तहे दिल से याद करते हैं.”

किशोर कुमार की गायिकी दुनिया की सबसे अलग आवाजों में गिनी जाती है. उनके सुरों में खुरदरेपन, लचक और सहजता है, जिससे लोग उनसे जुड़ते हैं.

किशोर कुमार का मूल नाम आभास कुमार गांगुली था और उनका जन्म खंडवा, मध्य प्रदेश में हुआ था. उन्होंने अपने चार दशक लंबे करियर में लगभग 2,500 से अधिक गाने गाए और 8 बार फिल्मफेयर पुरस्कार जीते.

कहते हैं कि फिल्म चलती का नाम गाड़ी के ‘पांच रुपैया बारह आना’ गीत किशोर कुमार के कॉलेजों के दिनों से प्रेरित है. दरअसल, कॉलेज में किशोर कुमार अक्सर कैंटीन में उधार पर पोहा और जलेबी खाते थे. धीरे-धीरे उधार पांच रुपया बारह आना हो गया. कैंटीन मालिक पैसे मांगता, तो किशोर कुमार गाकर उसे टालने की कोशिश करते. वर्षों बाद फिल्म चलती का नाम गाड़ी के ‘पांच रुपैया बारह आना’ गीत ने धूम मचाई. माना जाता है कि इस गाने की प्रेरणा उसी उधार से मिली थी.

किशोर कुमार अभिनेता नहीं, गायक बनना चाहते थे. वे मुंबई अपने आदर्श के.एल. सहगल की तरह गायक बनने आए थे. बड़े भाई अशोक कुमार के स्टार होने के कारण उन्हें अभिनय के प्रस्ताव मिलने लगे. शुरुआती दिनों में उन्होंने परिवार और निर्माताओं की इच्छा पर कई फिल्में कीं. बाद में उनकी कॉमिक टाइमिंग ने उन्हें सफल अभिनेता बनाया, लेकिन उन्होंने माना कि उनका पहला प्यार हमेशा गायकी ही रही.

अपने करियर में किशोर कुमार ने राजेश खन्ना, अमिताभ बच्चन और देव आनंद जैसे बड़े अभिनेताओं के लिए कई सदाबहार गीत गाए हैं. सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायक के लिए उन्हें 8 बार फिल्मफेयर पुरस्कार मिला.

एनएस/पीएम