
ब्लेन (यूएसए), 26 जुलाई . अमेरिका के उभरते हुए गोल्फर जैक्सन कोइवुन ने 3एम ओपन के तीसरे राउंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट रिकॉर्ड 10-अंडर 61 का स्कोर बनाया. इस दमदार पारी के साथ वह टीपीसी ट्विन सिटीज में खेले जा रहे टूर्नामेंट में अकेले शीर्ष स्थान पर पहुंच गए हैं. जैक्सन अपने करियर का पहला पीजीए टूर खिताब जीतने की मजबूत स्थिति में हैं.
21 वर्षीय कोइवुन, जो पिछले महीने यूएस ओपन के बाद ही प्रोफेशनल बने थे, उन्होंने 64, 68 और 61 के राउंड के साथ 20-अंडर पार का स्कोर हासिल किया और रविवार को होने वाले फाइनल राउंड से पहले तीन शॉट की बढ़त बना ली.
कोइवुन के शानदार राउंड में छह बर्डी और दो ईगल शामिल थे, और इनवर्ड नाइन (अंतिम नौ होल) में उनकी रफ्तार और बढ़ गई. उन्होंने बैक नाइन (अंतिम नौ होल) को आठ-अंडर 28 में पूरा किया, जो टूर्नामेंट के अंतिम हिस्से के लिए एक नया रिकॉर्ड है. उनकी छह में से चार बर्डी और दोनों ईगल ‘टर्न’ (नौ होल पूरे करने) के बाद आए.
ऑबर्न में शानदार कॉलेज करियर के बाद, जहां वे दुनिया के टॉप-रैंक वाले एमेच्योर थे, इस अमेरिकी खिलाड़ी ने हाल के महीनों में तेजी से तरक्की की है. 3एम ओपन उनका 13वां पीजीए टूर टूर्नामेंट है और प्रोफेशनल के तौर पर सिर्फ तीसरा. जॉन डियर क्लासिक में अपने प्रोफेशनल डेब्यू में कट से चूकने के बाद, कोइवुन ने आईएससीओ चैंपियनशिप में संयुक्त रूप से 10वां स्थान हासिल किया और अब वे अपनी पहली बड़ी जीत के करीब हैं.
बेन कोहल्स और एमिलियानो ग्रिलो 17-अंडर पार के स्कोर के साथ कोइवुन के सबसे करीबी प्रतिद्वंद्वी बने हुए हैं और उनसे तीन शॉट पीछे हैं. दोनों खिलाड़ियों ने तीसरे राउंड में पांच-अंडर 66 का स्कोर किया और दूसरे स्थान पर अपनी जगह बनाए रखी. कोहल्स ने इससे पहले 62 और 69 का स्कोर किया था, जबकि ग्रिलो ने पिछले 64 और 67 के स्कोर के साथ 66 का स्कोर जोड़ा.
माइकल किम, जिन्होंने शुक्रवार को शानदार 12-अंडर 59 का स्कोर करके सुर्खियां बटोरी थीं—जो पीजीए टूर के इतिहास में केवल 15वां सब-60 राउंड था—वही लय बरकरार नहीं रख सके. तीसरे राउंड में ‘वन-अंडर 70’ के स्कोर के साथ वह 15-अंडर पर छठे स्थान पर आ गए, जो कोइवुन से पांच स्ट्रोक पीछे थे. किम ने अपने राउंड के दौरान दो बर्डी और एक बोगी लगाई.
वर्ल्ड नंबर 1 खिलाड़ी स्कॉटी शेफलर दिन का सबसे शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘सेवन-अंडर 64’ का स्कोर बनाया और 14-अंडर के साथ संयुक्त रूप से नौवें स्थान पर पहुंच गए. शेफलर ने ‘बैक नाइन’ में जबरदस्त खेल दिखाया और ‘सेवन-अंडर 29’ का स्कोर किया, उनके राउंड में सात बर्डी, एक ईगल और दो बोगी शामिल थीं.
भारतीय नजरिए से देखें तो यह हफ्ता कुछ खास नहीं रहा. भारतीय मूल के गोल्फर सुदर्शन येल्लामाराजू ‘कट’ में जगह नहीं बना पाए, जबकि हीरो-समर्थित तिकड़ी—साहित थीगाला, एरॉन राय और अक्षय भाटिया—ने इस इवेंट में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया.
रिकॉर्ड-तोड़ प्रदर्शन के बाद तीन-शॉट की बढ़त और बढ़े हुए आत्मविश्वास के साथ, कोइवुन फाइनल राउंड में सबसे मजबूत दावेदार के तौर पर उतरेंगे; वह अपने शानदार करियर का पहला पीजीए टूर खिताब जीतने की कोशिश कर रहे हैं.
–
आरएसजी