जेल मेरे लिए नई बात नहीं, कुछ लोग मेरा मुख्यमंत्री बनना पचा नहीं पा रहे : डीके शिवकुमार

बेंगलुरु, 15 जुलाई . कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने बुधवार को बिदादी टाउनशिप परियोजना को लेकर चल रहे विवाद के बीच केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा पर तीखा हमला बोला.

उन्होंने कहा कि जेल मेरे लिए नई बात नहीं है. कुछ लोग यह बात पचा नहीं पा रहे हैं कि मैं मुख्यमंत्री बन गया हूं.

डीके शिवकुमार, एचडी कुमारस्वामी और एचडी देवगौड़ा तीनों वोक्कालिगा समुदाय से आते हैं. इस समुदाय का दक्षिण कर्नाटक की राजनीति में बड़ा प्रभाव माना जाता है. वर्तमान में शिवकुमार और देवगौड़ा परिवार के बीच वोक्कालिगा समुदाय का समर्थन हासिल करने को लेकर राजनीतिक प्रतिस्पर्धा देखी जा रही है.

विधान सौधा में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री शिवकुमार ने आरोप लगाया कि जनता दल (सेक्युलर) नेतृत्व उनके राजनीतिक उभार को रोकने की कोशिश कर रहा है और लगातार यह कहता रहा है कि उन्हें जेल जाना पड़ेगा.

उन्होंने कहा, “कुछ लोग मेरा मुख्यमंत्री बनना पचा नहीं पा रहे हैं. वे राज्य में हो रहे विकास और जनता के स्नेह को भी बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं.”

केंद्रीय मंत्री कुमारस्वामी पर सीधा हमला करते हुए उन्होंने कहा, “कुमारस्वामी बार-बार कहते रहे हैं कि मैं एक दिन जेल जाऊंगा. मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं. जेल मेरे लिए नई बात नहीं है. जब मैं जेल में था तो वे मुझसे मिलने सम्मानपूर्वक आए थे. आप अपना संघर्ष जारी रखिए और मुझे जेल भेजने की कोशिश करते रहिए.”

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें अपने खिलाफ होने वाली कथित साजिशों की जानकारी है और कानूनी चुनौतियों के बावजूद वे और मजबूत होकर उभरे हैं.

उन्होंने कहा, “जेल से बाहर आने के बाद मैं मुख्यमंत्री बना. Supreme Court ने उन मामलों को खारिज कर दिया. मैं जानता हूं कि कुछ लोगों का मकसद किसी दूसरे नेता को आगे बढ़ने नहीं देना है.”

शिवकुमार ने बिदादी टाउनशिप परियोजना को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शनों पर चिंता जताई. उन्होंने कहा, “मैं नहीं चाहता कि इस उम्र में कोई (देवगौड़ा) महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने खड़ा होकर प्रदर्शन करे. कोई मां सरकारी अधिकारियों को झाड़ू से मारने के लिए मजबूर हो. अगर मैं दोषी हूं और मैंने लोगों की आजीविका नष्ट की है तो मैं आलोचना झेलने के लिए तैयार हूं.”

शिवकुमार ने कहा कि कर्नाटक में विभिन्न सरकारों के दौरान हवाई अड्डों, सिंचाई परियोजनाओं और शहरी विकास योजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण होता रहा है.

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्रियों एसएम कृष्णा और एम वीरप्पा मोइली के कार्यकाल का उदाहरण देते हुए कहा कि उस समय बेंगलुरु के आसपास किसानों ने अपेक्षाकृत कम मुआवजे पर जमीन दी थी, लेकिन आज उन जमीनों की कीमत कई गुना बढ़ चुकी है.

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि बिदादी टाउनशिप परियोजना न तो उनका ड्रीम प्रोजेक्ट है और न ही इसकी शुरुआत उन्होंने की थी. उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोधी किसानों को गुमराह कर रहे हैं और उनके खिलाफ साजिश रच रहे हैं.

उन्होंने दोहराया कि बिदादी टाउनशिप के लिए जबरन भूमि अधिग्रहण नहीं किया जाएगा. उन्होंने इस मामले की समीक्षा के लिए जल्द एक विशेषज्ञ समिति (एक्सपर्ट पैनल) गठित करने की घोषणा की.

एएमटी/एबीएम