
जयपुर, 6 जुलाई . राजस्थान सरकार ने राष्ट्रीय एकता के प्रतीक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घोषणा की है कि राज्य के चार प्रमुख पार्कों का नामकरण डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर किया जाएगा.
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा करते हुए बताया कि महान शिक्षाविद्, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक और भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहा है. उन्होंने कहा कि उनके आदर्श आज भी देशवासियों को प्रेरणा देते हैं.
उन्होंने कहा कि जयपुर स्थित वुडलैंड पार्क, जोधपुर के विवेक विहार स्थित सेंट्रल पार्क, कोटा के रामचंद्रपुरा अटवाल नगर स्थित पार्क और उदयपुर की सेक्टर-12 योजना स्थित पार्क का नाम अब डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर रखा जाएगा. इन सभी स्थानों पर उनके जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को प्रदर्शित करने वाले स्मारक भी स्थापित किए जाएंगे.
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन स्मारकों और नामकरण से युवा पीढ़ी को उनके विचारों से जोड़ने में मदद मिलेगी और राष्ट्र सेवा की भावना को और अधिक मजबूती मिलेगी. यह कदम ‘विकसित भारत’ और ‘विकसित राजस्थान’ के संकल्प को सशक्त बनाने की दिशा में एक प्रयास है.
इस अवसर पर उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों को अपनाकर देश की एकता और अखंडता को मजबूत करें. उन्होंने कहा, “भारत माता की जय, जय हिन्द और जय राजस्थान” के साथ यह संकल्प और मजबूत होता है.
इससे पहले उन्होंने मुख्यमंत्री आवास पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें सादर नमन किया.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “राष्ट्र प्रथम’ के मंत्र को अपने जीवन का ध्येय बनाने वाले, महान शिक्षाविद्, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक, भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं हमारे प्रेरणास्रोत, श्रद्धेय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर मुख्यमंत्री निवास पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें सादर नमन किया. देश की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक चेतना के लिए उनका महान त्याग और समर्पण प्रत्येक देशवासी को सदैव प्रेरित करता रहेगा.”
–
एसएके/पीएम