जम्मू-कश्मीर: कुपवाड़ा पुलिस ने चरस और हेरोइन के साथ दो ड्रग तस्करों को पकड़ा, एफआईआर दर्ज

श्रीनगर, 21 जुलाई . ड्रग तस्करी के खिलाफ एक अहम कार्रवाई में कुपवाड़ा पुलिस ने मंगलवार को सोहीपोरा हयहामा में नाका चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध ड्रग तस्करों को पकड़ा.

जांच के दौरान कुपवाड़ा पुलिस स्टेशन ने दो लोगों को रोका. पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान गुलाम अहमद खान (65) और मोहम्मद इरफान खान (38) के तौर पर बताई. ये दोनों चलगुंड हयहामा कुपवाड़ा के रहने वाले हैं. तलाशी के दौरान पुलिस को उनके पास से लगभग 54.6 ग्राम चरस जैसा पदार्थ और 7.6 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ मिला.

इसके बाद कुपवाड़ा पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई और आगे की जांच चल रही है.

इससे पहले, 13 जुलाई को भी जम्मू-कश्मीर की सांबा पुलिस ने ड्रग्स नेटवर्क के साथ अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं कारोबार पर करारा प्रहार करते हुए 20 ग्राम हेरोइन जैसा नशीले पदार्थ रखने के आरोप में एक महिला समेत दो ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया था. पुलिस ने विजयपुर पुलिस स्टेशन के इलाके में एक महिला समेत दो अन्य ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया था और उनके पास से लगभग 20 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ बरामद किया था.

पुलिस ने यह कार्रवाई विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर की थी, जहां विजयपुर पुलिस स्टेशन की एक टीम ने श्मशान घाट के पास राख बरोटियन-शिव नगर लिंक रोड पर वाहनों की जांच के लिए नाका लगाया था. टीम ने राख बरोटियन से शिव नगर, विजयपुर की ओर आ रही एक अर्टिगा कार को जांच के लिए रोका था. तलाशी और जांच के दौरान कार में बैठे दो लोगों के पास से लगभग 20 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ बरामद किया गया था.

गिरफ्तार किए गए ड्रग तस्करों की पहचान मोहम्मद आतिफ और सलमा शेख के रूप में हुई है. ये दोनों वार्ड नंबर 17, शंकर नगर, उधमपुर के रहने वाले हैं. पुलिस ने नशीले पदार्थ और वाहन, दोनों को जब्त कर लिया है.

वहीं, 4 जुलाई को भी नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बांदीपोरा पुलिस ने हाजिन इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ड्रग तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया था. पुलिस ने नाका चेकिंग के दौरान तीन तस्करों को गिरफ्तार किया था और उनके पास से भारी मात्रा में चरस जैसा नशीला पदार्थ बरामद किया था. इसके अलावा सोपोर इलाके में भी एक अलग कार्रवाई में एक अन्य तस्कर को गिरफ्तार किया गया था.

एसएचके/वीसी