‘जनता प्रवेश वर्मा के थप्पड़ का जवाब सही वक्त पर जरूर देगी’, कांग्रेस नेताओं ने मंत्री को घेरा

नई दिल्ली, 28 सितंबर . दिल्ली के तिलक नगर में रविवार को सड़क निरीक्षण के दौरान मंत्री प्रवेश वर्मा द्वारा एक युवक को थप्पड़ मारने की घटना के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है. कांग्रेस नेताओं ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि जनता मंत्री के थप्पड़ का जवाब सही समय पर जरूर देगी.

से बातचीत में कांग्रेस सांसद मनोज कुमार ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि आप अपने मंत्रियों से लोगों को पिटवा रहे हैं. एक तरफ तो आप कहते हैं कि हम जनता के सेवक हैं, हम उनके पहरेदार हैं और उनके पैर धोकर लोगों को बेवकूफ बनाते हैं. देश की जनता समझ गई है कि आप क्या कर रहे हैं. उन्हें बताने की जरूरत नहीं है, लेकिन यही लोग आने वाले समय में आपको सबक सिखाएंगे.

उन्होंने कहा कि सवाल पूछना गुनाह हो गया है. जनता को कष्ट है तो वह किससे सवाल पूछेगी? मैं सांसद हूं, हमारे क्षेत्र के लोग किससे सवाल पूछेंगे? सवाल पूछने पर मारना, अहंकार नहीं तो क्या है? भाजपा वाले गुंडागर्दी कर रहे हैं. इनकी सरकारों में जनता को कुचला जा रहा है.

कांग्रेस नेता राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी का असली चरित्र है. वैसे भी वहां गुंडों, उपद्रवियों और नफरत फैलाने वाले लोगों को इनाम मिलता है. देश ने देखा है कि कैसे उनके एक सांसद ने संसद के अंदर दूसरे सांसद के खिलाफ खुलेआम कैसी भाषा का इस्तेमाल किया. अनुराग ठाकुर कैसी भाषा इस्तेमाल करते हैं, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह कैसी भाषा बोलते हैं, और निशिकांत दुबे को ही देख लीजिए, वह कैसी भाषा इस्तेमाल करते हैं. कपिल मिश्रा विवादित बयान के लिए जाने जाते हैं, वे मंत्री हैं. प्रवेश वर्मा ने नफरत भरी बातें कहीं और वे भी मंत्री हैं. अगर कोई उनसे सवाल पूछता है तो वे या तो उसे थप्पड़ मार देते हैं या उसे देशद्रोही कह देते हैं.

उन्होंने कहा कि भाजपा से लोगों का मोह भंग हो गया है. यह झूठ पर टिकी पार्टी है. नफरत फैलाने के अलावा इन्हें कुछ नहीं आता. यह गाली-गलौज करने वालों की पार्टी है. दंगे करवा सकते हैं, वोट चुराने के साथ ही दूसरी पार्टी के विधायक और सांसद भी चुराते हैं. इनके आचरण में भी नफरत है.

–

डीकेएम/एबीएम