
पटना, 30 अगस्त . जनता दल (यूनाइटेड) ने फरक्का जल संधि को लेकर राज्यव्यापी जन-जागरूकता अभियान शुरू करने की घोषणा की है. पार्टी ने बताया कि इस अभियान के तहत ‘फरक्का जल संधि पर नीतीश संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा और प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा बिहार के विभिन्न जिलों में लोगों से संवाद करेंगे.
जेडीयू के अनुसार, यह अभियान बिहार के 12 जिलों में चलाया जाएगा. पार्टी का कहना है कि फरक्का बैराज और फरक्का जल संधि के कारण बिहार को लंबे समय से नुकसान उठाना पड़ रहा है, जिसके बारे में लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता है.
पार्टी ने दावा किया कि फरक्का बैराज के कारण गंगा में बड़े पैमाने पर गाद जमा हुई है, जिससे नदी का तल ऊंचा हो गया है. इसके परिणामस्वरूप मानसून के दौरान उत्तर बिहार में बाढ़ की समस्या बढ़ी है, जबकि गर्मियों में कई क्षेत्रों को जल संकट का सामना करना पड़ता है.
जेडीयू का कहना है कि फरक्का जल संधि के चलते बिहार को सिंचाई, पेयजल और विकास कार्यों के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं हो पाता. पार्टी ने यह भी कहा कि वर्ष 1996 में हुई संधि की अवधि दिसंबर 2026 में समाप्त होने जा रही है, ऐसे में इसके नवीनीकरण से पहले बिहार के हितों और वर्ष 2050 तक की जल आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए.
जेडीयू नेताओं का कहना है कि राज्य के किसानों, आम नागरिकों और विभिन्न वर्गों को इस विषय पर जागरूक किया जाएगा तथा उनकी राय भी ली जाएगी. पार्टी का उद्देश्य इस मुद्दे को व्यापक जनचर्चा का विषय बनाना है.
पहले चरण का कार्यक्रम 5 सितंबर को बक्सर से शुरू होगा. यह कार्यक्रम बगीचा उत्सव मैरिज लॉन, सेंट्रल जेल रोड पर आयोजित होगा.
6 सितंबर को भोजपुर, 8 को सितंबर, 9 सितंबर को खगड़िया में आयोजित किया जाना है.
जेडीयू ने बताया कि पहले चरण के कार्यक्रमों के बाद राज्य के अन्य जिलों में भी संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
–
एएमटी/डीकेपी