‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ के जेठालाल बोले, दिशा संग केमिस्ट्री को मिस करता हूं

मुंबई, 30 जुलाई . अभिनेता दिलीप जोशी ने टीवी शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में अपनी को-स्टार दिशा वकानी के साथ दर्शकों के दिलों में खास पहचान बनाई है. हालांकि दिशा अब शो छोड़ चुकी हैं, जिसकी कमी दर्शकों को ही नहीं, बल्कि को-स्टार्स को भी भरपूर खलती है.

अभिनेता दिलीप जोशी ने मीडिया के साथ बातचीत में माना कि दिशा (दया बेन का किरदार निभाया था) के साथ स्क्रीन शेयर करने की याद उन्हें आती है. दरअसल, शो के 18 साल पूरे होने के अवसर पर अभिनेता ने मीडिया के साथ बातचीत में उम्मीद जताते हुए कहा कि ‘कोई चमत्कार हो जाए और दिशा शो में वापस आ जाएं.’

दिलीप ने कहा, “जाहिर है कि पिछले 10 साल से दिशा और मैं इस शो के जरिए जुड़े थे. लोग जानते हैं कि हमने साथ में कितने शानदार सीन किए हैं. इसलिए हमें निश्चित रूप से उस केमिस्ट्री और सीन्स की याद आती रहती है.”

अभिनेता ने यह भी बताया कि निर्माता असित मोदी जेठालाल और दयाबेन के जादू को फिर से लाने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा, “असित जी, मुझे बता रहे थे कि उन्हें भी घर पर शूट किए गए वे सीन याद आते हैं. वह सोचते रहते हैं कि ऐसे सीन कैसे वापस लाए जाएं. उनके पास आइडिया हैं, लेकिन स्क्रिप्ट में ऐसा हो नहीं पा रहा है.”

उन्होंने कहा, “एक एक्टर के तौर पर दिशा ने जिस लेवल का काम किया है, मुझे निश्चित रूप से उसकी याद आती है.”

अभिनेत्री मुनमुन दत्ता ने मीडिया संग बातचीत में बताया कि उन्होंने शो में दूसरी महिलाओं को कभी कॉम्पिटिशन के तौर पर नहीं देखा. उन्होंने कहा, “मैं बहुत स्ट्रॉन्ग इंडिपेंडेंट वूमन हूं. मेरा मानना है कि अगर आगे बढ़ना है तो साथ चलकर बढ़ना होगा. मैं यहां कभी किसी से इंसिक्योर नहीं रही हूं.”

इसके बाद एक्ट्रेस ने अपनी फीमेल कलीग्स का खास जिक्र किया, गोकुलधाम सोसाइटी की महिलाओं का रोल करने वाली एक्ट्रेसेस की अलग-अलग तारीफ की और उन्हें ‘शानदार,’ ‘इंटेलिजेंट’ और साथ काम करने के लिए ‘अद्भुत’ बताया. उन्होंने कहा, “मैं इन शानदार महिलाओं के साथ होने के लिए शुक्रगुजार हूं. हमारा एक-दूसरे के साथ बहुत अच्छा रिश्ता है और मुझे लगता है कि वे सभी कमाल की हैं.”

मुनमुन ने यह भी बताया कि फीमेल एक्टर्स को अक्सर वह पहचान नहीं मिलती जिसकी वे हकदार हैं, जबकि वे शो की सफलता में उतनी ही अहम भूमिका निभाती हैं. उन्होंने कहा, “कभी-कभी महिलाओं को उतनी अहमियत नहीं मिलती. मैं यह नहीं कह रही कि ऐसा यहां होता है, लेकिन कुछ जगहों पर ऐसा होता है. हम शो और अपने किरदारों में बहुत कुछ लाते हैं. ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में महिलाएं भी उतनी ही अहम हैं.”

एनएस/वीसी