
चतरा, 7 जुलाई . झारखंड के चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर एक 50 वर्षीय किसान की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. इस मामले में मृतक के सगे बड़े भाई समेत उनके परिवार के कई सदस्यों को नामजद किया गया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें जमीन पर गिरे व्यक्ति को कई लोग मिलकर लाठियों से पीट रहे हैं.
हंटरगंज थाना क्षेत्र के डटमी गांव निवासी कैलाश यादव (50) मंगलवार को अपने हिस्से की जमीन पर खेत की जुताई कर रहा था. इसी दौरान उनके बड़े भाई विलास यादव अपने परिवार के सदस्यों के साथ वहां पहुंचे. जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई.
आरोप है कि कैलाश यादव पर लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना से जुड़े वायरल वीडियो में कुछ लोग जमीन पर गिरे व्यक्ति पर लाठी-डंडों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं. हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है.
पुलिस वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर आरोपियों की भूमिका का सत्यापन कर रही है. मृतक की पत्नी सरोज देवी के बयान पर हंटरगंज थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है. प्राथमिकी में विलास यादव, उनकी पत्नी मालों देवी, पुत्र मिथिलेश यादव, कमलेश यादव, मनीष कुमार, सुनीता देवी तथा दो नाबालिगों को आरोपी बनाया गया है.
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. थाना प्रभारी प्रभात कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. स्थानीय लोगों के अनुसार, संपत्ति का बंटवारा पहले हो चुका था, लेकिन संबंधित भूमि को लेकर विवाद बना हुआ था. घटना के बाद डटमी गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है.
–
एसएनसी/डीकेपी