
गिरिडीह, 6 सितंबर . झारखंड सरकार के दिवंगत कैबिनेट मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का रविवार शाम को गिरिडीह में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया. उसरी नदी के तट स्थित हरसिंहरायडीह श्मशान घाट पर उनके छोटे बेटे हर्ष कुमार ने मुखाग्नि दी. अंतिम संस्कार में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, विधायक कल्पना सोरेन सहित पक्ष-विपक्ष के कई वरिष्ठ नेता और मंत्री मौजूद रहे.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिवंगत मंत्री के पार्थिव शरीर को कंधा देकर अंतिम विदाई दी. इससे पहले उन्होंने हरसिंहरायडीह स्थित सुदिव्य कुमार के आवास पहुंचकर पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित किया और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की. विधायक कल्पना सोरेन ने भी पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी.
सुदिव्य कुमार सोनू का शनिवार-रविवार की दरमियानी देर रात दिल का दौरा पड़ने के बाद आकस्मिक निधन हो गया था. वह 56 वर्ष के थे. उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें गिरिडीह स्थित मर्सी अस्पताल ले जाया गया था, जहां चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका. अंतिम संस्कार से पहले उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए गिरिडीह शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और चौकों से ले जाया गया. इस दौरान बड़ी संख्या में लोग सड़कों के दोनों ओर जमा रहे. समर्थकों और आम लोगों ने नम आंखों से अपने नेता को अंतिम विदाई दी. अंतिम यात्रा में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी.
सीएम हेमंत सोरेन ने सुदिव्य कुमार सोनू के निधन को झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति बताया. उन्होंने कहा कि राज्य ने एक कर्मठ जनप्रतिनिधि, समर्पित मंत्री और युवा नेतृत्व को खो दिया है. उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार के योगदान और सेवाओं को हमेशा याद किया जाएगा.
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने भी गिरिडीह पहुंचकर दिवंगत मंत्री के पार्थिव शरीर पर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की. उन्होंने सुदिव्य कुमार के असामयिक निधन को अत्यंत दुखद और पीड़ादायक बताते हुए कहा कि उनके निधन से राज्य को अपूरणीय क्षति हुई है.
सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर राज्य सरकार ने 6 और 7 सितंबर को दो दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया है. इस दौरान सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और कोई राजकीय समारोह आयोजित नहीं किया जाएगा. राजकीय शोक के सम्मान में 7 सितंबर को राज्य सरकार के सभी कार्यालय बंद रहेंगे.
झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भी अपने कैंप कार्यालय में पार्टी का झंडा झुका दिया है और आगामी सभी प्रस्तावित कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं. सुदिव्य कुमार सोनू गिरिडीह सदर विधानसभा सीट से लगातार दूसरी बार विधायक थे. दिसंबर 2024 में उन्हें हेमंत सोरेन सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया गया था. उनके पास नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा तथा पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी थी. वह झामुमो के केंद्रीय महासचिव भी थे.
–
एसएनसी/डीकेपी