झारखंड प्रीमियर लीग: छोटा नागपुर रॉयल्स बनी चैंपियन, फाइनल मुकाबले में जमशेदपुर स्टीलर्स को 7 विकेट से हराया

रांची, 24 जून . छोटा नागपुर रॉयल्स ने झारखंड प्रीमियर लीग के पहले संस्करण का खिताब अपने नाम किया. फाइनल मैच में छोटा नागपुर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जमशेदपुर स्टीलर्स को 7 विकेट से हराया.

जमशेदपुर स्टीलर्स से मिले 181 रनों के लक्ष्य को छोटा नागपुर रॉयल्स ने 3 विकेट खोकर 17.2 ओवर में हासिल किया. हालांकि, टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और विराट सिंह महज एक रन बनाकर अमन कुमार का शिकार बने. इसके बाद कुमार कुशाग्र और नाजिम सिद्दीकी ने मोर्चा संभाला और दूसरे विकेट के लिए 48 रन जोड़े. सिद्दीकी ने 24 गेंदों का सामना करते हुए 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 38 रन बनाए. वहीं, कुशाग्र ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 39 गेंदों में 78 रनों की दमदार पारी खेली. अपनी इस पारी में कुशाग्र ने 3 चौके और 8 छक्के लगाए.

वहीं, हिमांशु द्विवेदी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों में 51 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली. अपनी इस पारी में हिमांशु ने 4 चौके और 3 छक्के लगाए. वहीं, चंदन 4 गेंदों में 7 रन बनाकर नाबाद रहे. गेंदबाजी में जमशेदपुर स्टीलर्स की तरफ से अमन कुमार ने 24 रन देकर सर्वाधिक 2 विकेट चटकाए. वहीं, अनुराग ने एक विकेट निकाला.

इससे पहले, जमशेदपुर स्टीलर्स को कुमार करन और कप्तान कुमार देवब्रत ने सधी हुई शुरुआत दी. करन ने 13 गेंदों में एक चौके और 4 छक्कों की मदद से 28 रन बनाए. वहीं, देवब्रत ने 30 गेंदों में 39 रनों की दमदार पारी खेली. अनुराग सेंगर ने 11 रन बनाए. नीतेश रेड्डी भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 6 रन ही बना सके.

रवि शर्मा का बल्ला भी खामोश रहा. हालांकि, हर्ष राणा ने अंत के ओवरों में शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 26 गेंदों में 64 रनों की विस्फोटक पारी खेली. हर्ष ने अपनी इस पारी में 5 चौके और 5 छक्के लगाए. गेंदबाजी में छोटा नागपुर रॉयल्स की तरफ से विकास सिंह, राहुल, चंदन मुखी और दुर्गेश कुमार ने एक-एक विकेट निकाला.

एसएम/एएस