
चतरा, 4 सितंबर . झारखंड के चतरा जिले में सदर थाना क्षेत्र के घूरनाडीह गांव के पास कड़गु पटेर नदी के पास शुक्रवार को दो बच्चों के शव मिलने से सनसनी फैल गई. एक बच्चे का शव नदी की धारा से, जबकि दूसरे का शव नदी किनारे से बरामद किया गया. दोनों बच्चों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है.
बताया जा रहा है कि उनके साथ एक और बच्चा था, जिसका पता नहीं चल पाया है. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है. जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह तीन दोस्त पिकनिक मनाने के लिए नदी के पास पहुंचे थे. तीनों ने वहां पास्ता बनाकर खाया. इसके बाद वे नदी में नहाने चले गए. नहाने के दौरान तीनों बच्चे नदी के गहरे पानी में चले गए और डूब गए.
घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. नदी में दो बच्चों के शव देखकर ग्रामीणों ने सदर थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों के शवों को नदी से बाहर निकलवाया.
पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर उनकी पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. दोनों बच्चों की पहचान के लिए आसपास के गांवों में भी जानकारी जुटाई जा रही है.
पुलिस के अनुसार, तीसरे बच्चे को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है. आशंका है कि वह भी नदी में डूबा हो सकता है. हालांकि, इस बात की भी जांच की जा रही है कि कहीं वह किसी तरह नदी से बाहर निकलकर वहां से चला तो नहीं गया.
पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाके में उसकी तलाश कर रही है. घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास से दो साइकिल, तीन जोड़ी चप्पल, दो बैग और अन्य सामान भी बरामद किया है. इन सामानों को देखकर पुलिस तीनों बच्चों की पहचान करने का प्रयास कर रही है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया भी की जा रही है.
पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना से जुड़ी पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
–
एसएनसी/एसके