झारखंडः धनबाद में चोरी के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

धनबाद, 2 अगस्त . झारखंड के धनबाद जिले के सरायढेला थाना क्षेत्र में चोरी के संदेह में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक को घर में चोरी की नीयत से घुसने के शक में बेरहमी से पीटा गया था. इसके कुछ घंटों बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

धनबाद के डीएसपी (लॉ एंड ऑर्डर) प्रकाश सोय ने रविवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बताया कि एक अगस्त को पुलिस को सूचना मिली थी कि जगजीवन नगर स्थित जामुन के पेड़ के पास एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसकी पहचान जगजीवन नगर निवासी करण कुमार के रूप में की.

पुलिस ने परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल करण कुमार को पहले शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया. वहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन उसे बलियापुर रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.

डीएसपी ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की. जांच के क्रम में कन्हाई लाल भट्टाचार्य और शिव प्रकाश को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पूछताछ में दोनों ने युवक के साथ मारपीट करने की बात स्वीकार की.

पुलिस के अनुसार, कन्हाई लाल भट्टाचार्य का दावा है कि करण कुमार चोरी की नीयत से उसके घर में घुसा था. उसे पकड़ने के बाद कन्हाई लाल और शिव प्रकाश ने उसकी पिटाई शुरू कर दी. शोर सुनकर आसपास के लोग भी वहां पहुंच गए और उन्होंने भी युवक के साथ मारपीट की. गंभीर चोटों के कारण बाद में उसकी मौत हो गई.

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है. मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि घटना में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.

एसएनसी/डीकेपी