जोस बटलर ने रचा इतिहास, टी20 क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बने बल्लेबाज

नई दिल्ली, 6 अगस्त . इंग्लैंड के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने इतिहास रच दिया है. वह टी20 क्रिकेट में अब सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. बटलर ने यह उपलब्धि ‘द हंड्रेड’ टूर्नामेंट में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स और वेल्श फायर के बीच खेले गए मुकाबले में हासिल की.

वेल्श फायर के खिलाफ खेले गए मुकाबले में जोस बटलर शानदार लय में दिखाई दिए. उन्होंने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 20 गेंदों में 51 रनों की तूफानी पारी खेलते हुए मैनचेस्टर सुपर जायंट्स को 9 विकेट से जीत दिलाई. टीम ने वेल्श फायर से मिले 156 रनों के लक्ष्य को आसानी से एक विकेट खोकर हासिल कर लिया.

बटलर ने अपनी इस पारी के दौरान 2 चौके और 6 छक्के लगाए. 51 रनों की अपनी इस इनिंग के दौरान बटलर ने कीरोन पोलार्ड का रिकॉर्ड तोड़ा और वह अब क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. बटलर टी20 क्रिकेट में 14,833 रन बना चुके हैं. उन्होंने पोलार्ड को इस मामले में पीछे छोड़ा है, जिनके नाम टी20 में 14,803 रन दर्ज हैं. इस लिस्ट में वेस्टइंडीज के पूर्व बल्लेबाज क्रिस गेल 14,562 रनों के साथ तीसरे नंबर पर काबिज हैं.

निजी कारणों के चलते एडम मार्करम के टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद इस मुकाबले में जोस बटलर ने मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की कप्तानी संभाली. उनकी अगुवाई में टीम के गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और वेल्श फायर को 155 रनों के स्कोर पर रोका. वेल्श फायर की ओर से फिल साल्ट ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों में 48 रनों की अहम पारी खेली. वहीं, मैथ्यू शॉर्ट बेहतरीन लय में नजर आए और उन्होंने 47 गेंदों में 8 चौके और 2 छक्कों की मदद से 71 रन बनाए.

मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की ओर से बटलर के अलावा टिम सीफर्ट ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 36 गेंदों में 10 चौकों की मदद से नाबाद 62 रन बनाए. सीफर्ट को उनकी पारी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ भी चुना गया. पॉल वाल्टर ने 18 गेंदों में 37 रन बनाए. उन्होंने अपनी इस पारी में 4 चौके और 2 छक्के लगाए.

एसएम/वीसी