जूनियर पुरुष नेशनल हॉकी: ओडिशा के साथ पंजाब, झारखंड और एमपी ने बनाई सेमीफाइनल में जगह

कोयंबटूर, 5 अगस्त . 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष नेशनल चैंपियनशिप 2026 में बुधवार को डिवीजन ‘ए’ के सेमीफाइनल लाइन-अप की पुष्टि हो गई. ओडिशा, पंजाब, झारखंड और मध्य प्रदेश की टीमें चार रोमांचक क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में विजयी रहते हुए अगले दौर में पहुंच गई हैं.

हॉकी पंजाब ने तीसरे क्वार्टर फाइनल में हॉकी कर्नाटक पर 5-2 से शानदार जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया. पंजाब की तरफ से अजयपाल सिंह (22′), जरमन सिंह (कप्तान) (24′), सनी (32′), अमनदीप (35′) और गुरविंदर सिंह (60′) ने गोल दागे. हॉकी कर्नाटक के लिए किरण रेड्डी ने 21वें और 28वें मिनट में दोनों गोल किए.

दूसरे क्वार्टर फाइनल में, हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा ने हॉकी हरियाणा पर 5-1 से शानदार जीत दर्ज की. लेलसन मिंज ने शानदार हैट्रिक (15′, 20′, 46′) लगाई, जबकि मनदीप केरकेट्टा (3′) और कप्तान दीपक प्रधान (60′) ने भी एक-एक गोल दागे. हॉकी हरियाणा के लिए एकमात्र गोल प्रिंस ने 41वें मिनट में किया.

दिन का सबसे कड़ा मुकाबला हॉकी झारखंड और उत्तर प्रदेश हॉकी के बीच हुआ, जिसमें रेगुलेशन समय के अंत में स्कोर 3-3 से बराबर रहने के बाद झारखंड ने शूटआउट में जीत हासिल की. ​​उत्तर प्रदेश हॉकी के लिए सत्यम पांडे (28′) और त्रिलोकी वेनवंशी (33′, 50′) ने गोल किए. वहीं, हॉकी झारखंड के लिए पात्रास हस्सा (26′), भेंगरा ग्लेडशन (43′) और निकोलस टोपनो (60′) ने एक-एक गोल दागे.

शूटआउट में, रोहित तिर्की, जोलेन टोपनो, पात्रास हस्सा और अंकित एक्का ने अपने प्रयास सफल किए, जबकि गोलकीपर साहू प्रिंस ने महत्वपूर्ण बचाव करते हुए झारखंड के लिए 4-3 से शूटआउट जीत सुनिश्चित की.

पहले क्वार्टर फाइनल में, हॉकी मध्य प्रदेश ने दादरा और नगर हवेली और दमन और दीव हॉकी को एक हाई-स्कोरिंग मुकाबले में 7-3 से हराया. हॉकी मध्य प्रदेश के लिए सुभान आबिद (23′, 43′), राजवीर सिंह (19′, 23′) और कप्तान रितेन्द्र प्रताप सिंह (37′, 56′) ने दो-दो गोल किए. इनके अलावा, आशिर आदिल खान ने 41वें मिनट में एक और गोल किया. दादरा और नगर हवेली और दमन और दीव हॉकी के लिए सुमित राजभर (40′), सूरज (47′) और मोहम्मद जैद (52′) ने गोल किए.

गुरुवार को ‘सेमीफाइनल 1’ हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा और हॉकी पंजाब के बीच खेला जाएगा, जबकि ‘सेमीफाइनल 2’ में हॉकी झारखंड का सामना हॉकी मध्य प्रदेश से होगा.

आरएसजी